Sarmat missile:रूस की यह मिसाइल क्यों है 'दुनिया की सबसे खतरनाक', सबकुछ जानिए
मास्को, 21 अप्रैल: रूस ने यूक्रेन युद्ध के दौरान एक ऐसे अंतर-महाद्वीपीय मिसाइल का परीक्षण किया है, जो धरती पर कहीं भी कहर ढा सकती है। एक साथ 15 परमाणु बम दागने में सक्षम यह मिसाइल अपने एक ही हमले में फ्रांस और ब्रिटेन को नेस्तनाबूद कर सकती है और अमेरिका के किसी बड़े प्रांत का भी अस्तित्व मिटा सकती है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसी वजह से इसे 'अपराजेय' बताया है। पुतिन के इस फैसले ने अमेरिका को इस वजह से टेंशन में डाल दिया है कि उसने अपनी अंतर-महाद्वीपीय ब्लास्टिक मिसाइल का टेस्ट इसलिए टाल दिया कि तनाव भरे इस माहौल में स्थिति और बिगड़ सकती है। लेकिन, पुतिन अपने प्लान में जरा भी टस से मस नहीं हुए और उन्हें जो करना था, वही किया।

'दुनिया की सबसे ज्यादा ताकतवर' मिसाइल है सरमत
यूक्रेन पर रूस के हमले के करीब दो महीने बाद व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को परमाणु बम गिराने में सक्षम सरमत मिसाइल की परीक्षण का ऐलान किया, जो कि अंतरमहाद्वीपीय ब्लास्टिक मिसाइल है। रूसी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि उनका यह हथियार उन्हें सोचने के लिए मजबूर कर देंगे, जो रूस को धमकाने की कोशिश करते हैं। जबकि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यह अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल 'दुनिया की सबसे ज्यादा ताकतवर' मिसाइल है। कुल मिलाकर ऐसे समय में जब यूक्रेन पर हमले के लिए रूस दुनिया के निशाने पर यह, इस मिसाइल का परीक्षण करके पुतिन ने बता दिया है कि उनका इरादा कमजोर नहीं पड़ने वाला और वह किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार बैठे हैं।

एकसाथ 15 वारहेड ले जाने में सक्षम
इस अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल को उत्तर-पश्चिम रूस से लॉन्च किया गया , जो कि पूरे रूस से गुजरती हुई सिर्फ 15 मिनट में करीब 6,000 किलोमीटर दूर जापान के पास कामचटका प्रायद्वीप के पास अपने टारगेट को हिट करने में सफल रही। इस मिसाइल का वजन 200 टन से ज्यादा है और कहा जा रहा है कि यह एक बार में 15 वारहेड तक ले जाने में सक्षम है। परमाणु बम ले जाने में सक्षम सरमत मिसाइल की रेंज 18,000 किलोमीटर है। यह 35.3 मीटर लंबी और 3 मीटर चौड़ी है।

पुतिन ने सरमत मिसाइल को कहा-अपराजेय
रूस की सरमत मिसाइल पर सभी तरह की एंटी-मिसाइल डिफेंस सिस्टम फेल है और यह एक ही हमले से फ्रांस, ब्रिटेन या अमेरिका के टेक्सास जैसे राज्य को बर्बाद कर सकती है। इस मिसाइल की लॉन्चिंग का एक वीडियो है, जिसमें इसे अंडरग्राउंड साइलो से आग की लपटों में से दागे जाते हुए दिखाया गया है। यह रूस की दूसरी पीढ़ी की मिसाइल है, जिसे पुतिन ने 'अपराजेय' कहा है, जो कि हाइपसोनिक मिसाइल है और एक ही हमले में 15 परमाणु बम गिराने में सक्षम है। पुतिन के दावे के मुताबिक यह मिसाइल धरती के किसी भी टारगेट को निशाना बना सकती है।

इसलिए सरमत मिसाइल नहीं, तबाही है
रूसी रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है, 'सरमत दुनिया की सबसे लंबी दूरी के टारगेट को तबाह करने में सक्षम सबसे शक्तिशाली मिसाइल है, जो कि हमारे देश के रणनीतिक न्यूक्लियर फोर्स की युद्ध क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ा देगी।' जहां तक सरमत के एक ही बार में 15 परमाणु बम गिराने में सक्षम होने की बात है तो, इसकी ताकत का अंदाजा इसी से लग जाता है कि रूस के पास मौजूद परमाणु बम, हिरोशिमा और नागासाकी पर गिराए गए परमाणु बमों से 1000 गुना से भी ज्यादा शक्तिशाली हैं। (पहली तस्वीर सौजन्य-ट्वियर वीडियो, दूसरी-फाइल)
अमेरिका देखता रहा और पुतिन ने कर दिया
अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन को कवर करने वाले एक पत्रकार लुकास टॉमलिंसन ने ट्विटर पर सरमत के परीक्षण का वीडियो शेयर करके लिखा है, 'मास्को के साथ तनाव बढ़ने के डर से पेंटागन की ओर से अपने आईसीबीएम टेस्ट रोके जाने के कुछ दिनों बाद, रूस ने इंटरकॉन्टिनेंटल ब्लास्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है।'












Click it and Unblock the Notifications