दक्षिण कोरिया में मंदी के डर से अमीर लोगों की हो रही रिहाई, सैमसंग के मालिक को सरकार ने किया आजाद
सियोल, 13 अगस्तः दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल ने सैमसंग के उपाध्यक्ष जे योन्ग ली को माफ कर दिया है। उन्हें 30 महीने कैद की सजा मिली थी जिसमें से एक साल सजा पूरी करना बाकी रह गया था। दक्षिण कोरिया के न्याय मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय आर्थिक संकट से उबरने के लिए देश को व्यावसायिक नेतृत्व की जरूरत है। हालांकि, यह फैसला प्रतीकात्मक है, क्योंकि 18 माह जेल में बिताने के बाद से ली पैरोल पर थे।

आर्थिक संकट दूर करने के लिए लिया फैसला
न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "वैश्विक आर्थिक संकट के कारण, राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की गतिशीलता और जीवन शक्ति खराब हो गई है, और आर्थिक मंदी लंबे समय तक चलने की आशंका है।" दक्षिण कोरिया के न्याय मंत्री हान डोंग हून ने कहा कि आर्थिक संकट दूर करने के लिए विकास इंजन का नेतृत्व करने वाले आर्थिक नेताओं को रिहा किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने 1,693 लोगों को माफी देने का फैसला किया है। सोमवार को स्वतंत्रता दिवस पर इसकी आधिकारिक घोषणा होगी।

Lotte group के प्रमुख शिन डांग-बिन को भी माफी
फोर्ब्स के अनुसार, 7.9 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दुनिया के 278वें सबसे अमीर व्यक्ति ली को अगस्त 2021 में पैरोल पर रिहा किया गया था। राष्ट्रपति यून ने ली के अलावा लोटे समूह के प्रमुख शिन डांग-बिन को भी माफी दी है। वह भी भ्रष्टाचार के आरोप में ढाई साल जेल में बिता चुके हैं। माफी मिलने के बाद लोटे ने शुक्रिया अदा करते हुए आर्थिक संकट से देश को उबारने में मदद का वादा किया। विश्लेषकों के मुताबिक, ली को सजा मिलने और उन पर प्रतिबंधों के बाद कई बड़े निवेश कार्यक्रम अधर में थे।

भ्रष्टाचार से जुड़े अपराध में हुई थी सजा
ली दुनिया की सबसे बड़ी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के वाइस चेयरमैन हैं। समूह का कुल कारोबार दक्षिण कोरिया के सकल घरेलू उत्पाद के लगभग पांचवें हिस्से के बराबर है। उन्हें एक बड़े भ्रष्टाचार घोटाले से जुड़े अपराधों के लिए जेल भेजा गया था। शीर्ष दक्षिण कोरियाई टाइकून पर रिश्वतखोरी, गबन, कर चोरी या अन्य अपराधों के आरोप लगाए जाने का एक लंबा इतिहास है।

कोरिया में दबदबा रखता है यह परिवार
विशाल सैमसंग समूह अब तक परिवार-नियंत्रित साम्राज्यों में सबसे बड़ा है, जिसे चाबोल के रूप में जाना जाता है, जो दुनिया की 12 वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था दक्षिण कोरिया में व्यापार पर हावी है। राष्ट्रपति यूं सुक-योल ने शुक्रवार को कहा कि क्षमा का उद्देश्य "लंबे समय तक कोविड -19 महामारी से प्रभावित सामान्य लोगों" की स्थिति में सुधार करना है। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि यह विशेष क्षमा सभी दक्षिण कोरियाई लोगों को आर्थिक संकट से उबरने के लिए मिलकर काम करने का अवसर प्रदान करेगी।"

बाइडेन के साथ दिखे थे सैमसंग उपाध्यक्ष
बता दें कि सरकार से क्षमा पाने से पहले ही ली, राष्ट्रपति यून और संयुक्त राज्य के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ देखे गए थे, जो सैमसंग की प्योंगटेक चिप उत्पादन सुविधाएं देखने आए थे। ली ने जून में यूरोप यात्रा भी की थी, जहां एएसएमएल होल्डिंग एनवी के सीईओ पीटर वेनिंक से मुलाकात कर उच्च गुणवत्ता के चिप उपकरणों को अपनाने पर चर्चा की थी।

अमेरिका में भी सैमसंग का निवेश
बता दें कि सैमसंग ने अगले पांच वर्षों के लिए बड़े पैमाने पर 356 बिलियन डॉलर का निवेश करने जा रही है। यह सेमीकंडक्टर्स से लेकर बायोलॉजिक्स तक के क्षेत्रों में निवेश किया जाएगा। इससे यूएस में 80,000 नई नौकरियों का सृजन होगा। फिलहाल द. कोरिया में सैमसंग फर्म अमेरिका में लगभग 20,000 लोगों को रोजगार देती है।












Click it and Unblock the Notifications