Venezuela Crisis: वेनेजुएला संकट पर भारत की धमाकेदार एंट्री, एस जयशंकर ने अमेरिका को दिया कड़ा संदेश
Venezuela Crisis: वेनेजुएला में मचे भारी राजनीतिक घमासान और अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके बेडरूम से उठाकर सीधे न्यूयॉर्क की जेल में डालने की घटना ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। इस सनसनीखेज घटनाक्रम पर अब भारत की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने स्पष्ट किया है कि भारत की प्राथमिकता वहां की जनता की सुरक्षा है।
विदेश मंत्री ने सभी संबंधित पक्षों से वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और भलाई को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। लक्जमबर्ग में एक कार्यक्रम के दौरान जयशंकर ने कहा कि, 'हम इन घटनाक्रमों से चिंतित हैं। हम शामिल सभी पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे एक साथ बैठें और किसी ऐसे समाधान पर पहुंचें जो वेनेजुएला की जनता के हित और उनकी सुरक्षा में हो।'

विदेश मंत्री ने बताया क्या है भारत की चिंता
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की मुख्य चिंता यह है कि वेनेजुएला के लोग इस संकट से सुरक्षित बाहर निकलें। जयशंकर ने आगे कहा कि वेनेजुएला के साथ भारत के कई वर्षों से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं, और भारत चाहता है कि वहां की जनता और देश का भविष्य बेहतर हो।
वेनेजुएला में यह संकट 3 जनवरी को तब शुरू हुआ जब अमेरिकी बलों ने काराकास में अचानक छापेमारी की। अमेरिकी 'डेल्टा फोर्स' ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोर्स को उनके बेडरूम से हिरासत में लिया और उन्हें तुरंत अमेरिका ले जाया गया।
यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई महीनों की धमकियों के बाद हुई है। ट्रंप ने मादुरो पर ड्रग कार्टेल चलाने और नार्को-टेररिज्म (नशीले पदार्थों के जरिए आतंकवाद) का आरोप लगाया था और उन पर पद छोड़ने का लगातार दबाव बना रहे थे।
कोर्ट में मादुरो की पेशी
वर्तमान में ब्रुकलिन की जेल में बंद मादुरो और उनकी पत्नी कल मैनहट्टन की एक अदालत में पेश हुए। सुनवाई के दौरान मादुरो का रुख सख्त रहा और उन्होंने ड्रग तस्करी के संघीय आरोपों में खुद को निर्दोष बताया। स्पेनिश भाषा में अदालत को संबोधित करते हुए उन्होंने खुद को 'अपने देश का राष्ट्रपति' बताया और कहा कि वह एक 'निर्दोष और सभ्य व्यक्ति' हैं। अदालत अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 मार्च को करेगी। इस बीच देश में नेतृत्व के शून्य को भरने के लिए उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभाल लिया है।












Click it and Unblock the Notifications