'कठिन अंतरराष्ट्रीय स्थिति के बावजूद...', पुतिन ने भेजा पीएम मोदी को नए साल पर स्पेशल मैसेज
Vladimir Putin New Year Message: हाल ही में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपनी रूस यात्रा के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता की थी। इस दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल रूस आने का न्योता दे दिया। साथ ही 2024 लोकसभा चुनाव के लिए शुभकामनाएं दी।
इसी कड़ी में अब व्लादिमीर पुतिन ने भारत और पीएम मोदी के लिए नया साल का विशेष संदेश भेजा है। रूसी राष्ट्रपति ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना नया साल का स्पेशल मैसेज दिया।

जिसमें उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया में कठिन अंतरराष्ट्रीय स्थिति के बावजूद दोनों देशों के बीच संबंध गतिशील रूप से विकसित हुए हैं। इतना ही नहीं पुतिन ने पिछले वर्ष में कुछ प्रमुख घटनाक्रम और भारत-रूस द्विपक्षीय सहयोग का भी उल्लेख किया।
द्विपक्षीय सहयोग का भी किया उल्लेख
अपने संदेश में पुतिन ने कहा कि कठिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद दोनों देशों के संबंध सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े हैं। उन्होने इस बात की भी उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में दोनों देशों के संबंध और भी आगे बढ़ेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए अपने नोट में पुतिन ने कहा कि कठिन अंतरराष्ट्रीय स्थिति के बावजूद, रूस और भारत के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी गतिशील रूप से विकसित हो रही है। पिछले वर्ष में, व्यापार असाधारण रूप से उच्च दर से बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गई हैं।
दोनों देशों के रिश्तों पर दिया जोर
इसी के साथ उन्होंने बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को विकसित करने और क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने के प्रयासों में समन्वय के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग पर भी जोर दिया।
नोट में आगे लिखा कि "व्लादिमीर पुतिन ने शंघाई सहयोग संगठन और जी20 में भारत की अध्यक्षता के परिणामों की सराहना की और अपने दृढ़ विश्वास पर जोर दिया कि मॉस्को और नई दिल्ली बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को विकसित करना जारी रखेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सुरक्षा और स्थिरता को मजबूत करने के प्रयासों का प्रभावी ढंग से समन्वय करेंगे।"
यूक्रेन युद्ध पर कही ये बात
वहीं रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि वह कई बार यूक्रेन के मामले में भी पीएम मोदी से बात कर चुके हैं और आगे भी चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, हमें पता है कि पीएम मोदी इस मुद्दे का हल चाहते हैं, जिससे शांति स्थापित हो सके। इसलिए हम शायद अब इस पर गहराई से विचार करेंगे। और हम उस समय आपको अतिरिक्त जानकारी देंगे।
रूसी राष्ट्रपति ने वैश्विक उथल-पुथल के बीच रूस और भारत के बीच बढ़ते संबंधों के लिए भी आभार व्यक्त किया। पुतिन ने कहा, "हमें यह जानकर खुशी हो रही है कि दुनिया भर में हो रही तमाम उथल-पुथल के बावजूद, एशिया में हमारे सच्चे दोस्त भारत के साथ संबंध लगातार आगे बढ़ रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications