आसमान में मौत का सायरन! 238 यात्रियों से भरे रूसी विमान ने भेजा इमरजेंसी सिग्नल, अब कहां और कैसी होगी लैंडिंग?
Russian plane emergency azur air boeing 757: आसमान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 238 यात्रियों को लेकर उड़ रहा एक रूसी विमान अचानक संकट में फंस गया। अजूर एयर का बोइंग 757 विमान चीन के ऊपर उड़ान भरते समय तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गया, जिसके बाद पायलट को मजबूरन 'डिस्ट्रेस सिग्नल' यानी आपातकालीन संदेश भेजना पड़ा। इस संकेत के मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
'आज तक' की रिपोर्ट के मुताबिक यह विमान फ्लाइट नंबर ZF-2998 (Azur Air ZF2998) के तहत थाईलैंड से रवाना हुआ था। उड़ान को करीब चार घंटे ही हुए थे कि अचानक विमान में किसी तकनीकी समस्या या संभावित खतरे के संकेत मिले। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने आगे उड़ान जारी रखने के बजाय इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।

लान्झू एयरपोर्ट पर अलर्ट, हर पल पर नजर
रूसी और चीनी सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान को चीन के लान्झू एयरपोर्ट पर उतारने की तैयारी की जा रही है। एयरलाइन की प्रेस सेवा ने पुष्टि की है कि यह लैंडिंग अनशेड्यूल्ड होगी, यानी पहले से तय नहीं थी। जैसे ही खतरे की सूचना मिली, लान्झू एयरपोर्ट पर सभी आपातकालीन सेवाओं को सतर्क कर दिया गया।
फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीमें और तकनीकी स्टाफ रनवे के पास तैनात कर दिए गए हैं ताकि किसी भी हालात से तुरंत निपटा जा सके। एयरलाइन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
यात्रियों की सांसें अटकीं
विमान में सवार यात्रियों के लिए यह पल बेहद डरावना रहा। हजारों फीट की ऊंचाई पर जब किसी विमान से संकट का संकेत जाता है, तो हर सेकेंड भारी लगने लगता है। हालांकि अब तक किसी तरह की चोट या नुकसान की सूचना नहीं आई है, लेकिन यात्रियों और उनके परिवारों की चिंता साफ समझी जा सकती है।
सुरक्षित लैंडिंग ही सबसे बड़ी उम्मीद
फिलहाल सारी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विमान को सुरक्षित तरीके से लान्झू एयरपोर्ट पर उतारा जाए। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि डिस्ट्रेस सिग्नल भेजना एक एहतियाती कदम होता है, ताकि जमीन पर मौजूद टीमें पहले से तैयार रहें।
अब सबसे बड़ी राहत की खबर वही होगी, जब यह विमान सुरक्षित जमीन पर उतर जाएगा और 238 जिंदगियां एक बड़े खतरे से बाहर निकल आएंगी।
(ये खबर अपडेट हो रही है)












Click it and Unblock the Notifications