आर्कटिक में कैमरामैन को बचाने पानी में कूदे रूस के आपातकालीन मंत्री, मौत
नई दिल्ली, 8 सितंबर: रूस के आपातकालीन मंत्री येवगेनी जिनिचेव का बुधवार को निधन हो गया। वो आर्कटिक में रणनीतिक सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। उसी दौरान एक शख्स की जान बचाने के चक्कर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद रूसी आपातकालीन मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि हमें आपको ये बताते हुए खेद है कि आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करते हुए जिनिचेव की मृत्यु हो गई। उन्होंने अंतिम वक्त तक अपने कर्तव्य का पालन किया।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक आर्कटिक में एक मिलिट्री ड्रिल रखी गई थी। जिसे शूट करने के लिए एक चैनल का कैमरामैन भी मौजूद था। कुछ देर बाद उसका पांव फिसला और वो पानी में गिर गया। जिसे बचाने के लिए आपातकालीन मंत्री येवगेनी जिनिचेव ने पानी में छलांग लगा दी। कैमरामैन तो बच गया, लेकिन मंत्री की जान इस हादसे में चली गई। वहीं एक सूत्र ने रूसी वेबसाइट आरबीसी न्यूज को बताया कि जिनिचेव की मृत्यु आपातकालीन स्थिति मंत्रालय के प्रशिक्षण वीडियो के फिल्मांकन के दौरान हुई है।
आपको बता दें कि जब 2018 में व्लादिमीर पुतिन रूस के राष्ट्रपति बने थे, तो उन्होंने आपातकालीन मंत्रालय का जिम्मा जिनिचेव को दिया था। 1980 के दशक के अंत तक वो केजीबी अधिकारी के तौर पर काम करते थे। इसके बाद उन्होंने संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) में सेवाएं दीं। उनके निधन पर रूस की कई बड़ी हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications