PM Modi In Russia: 'रूस के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने को भारत तत्पर', मॉस्को में PM मोदी
PM Modi In Russia: भारत को उम्मीद है कि रूस के साथ उसकी रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। यह बात भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉस्को पहुंचने के बाद कही। पीएम ने आगे यह भी कहा कि वह भविष्य में विकास को ध्यान में रखते हुए नवाचार और आधुनिक प्रौद्योगिकी में सहयोग पर विशेष ध्यान देना चाहेंगे।
दरअसल, पीएम ने अपने एक्स(पूर्व में ट्विटर) पेज पर रूसी और अंग्रेजी भाषा में संदेश पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि मैं मॉस्को पहुंच गया हूं। हम अपने देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए तत्पर हैं। मोदी ने यह भी कहा कि हमारे देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना हमारे लोगों के लिए बहुत फायदेमंद होगा।

दो दिवसीय रूस दौरे पर पीएम मोदी
मोदी 8-9 जुलाई को रूस की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। दोनों देशों के नेताओं की पिछली मुलाकात 2022 में उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हुई थी। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी की रूस यात्रा उनकी पहली यात्रा है। पिछली बार भारतीय सरकार के प्रमुख 2019 में रूस आए थे, जब उन्होंने व्लादिवोस्तोक का दौरा किया था। मोदी ने आखिरी बार 2015 में मास्को की यात्रा की थी।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से विशेष बातचीत
इस यात्रा के दौरान मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि दोनों नेता "एक महत्वपूर्ण, पूर्ण पैमाने की यात्रा" की उम्मीद कर रहे हैं और वे अनौपचारिक रूप से बातचीत कर सकेंगे। रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने एक ब्रीफिंग में कहा कि क्रेमलिन (मास्को स्थित दुर्ग) इस यात्रा को सर्वोच्च महत्व देता है।












Click it and Unblock the Notifications