Russia: मखाचकाला के फिलिंग स्टेशन में विस्फोट, दो बच्चों समेत 12 की मौत, 50 घायल
रूस के दक्षिणी दागेस्तान क्षेत्र की राजधानी मखाचकाला के एक फिलिंग स्टेशन में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट की धमक इतनी तेज थी कि दूर तक अपार्टमेंट और घरों में महसूस की गई।
Russia: रूस के दक्षिणी दागेस्तान क्षेत्र की राजधानी मखाचकाला के एक फिलिंग स्टेशन पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक गैस स्टेशन में जोरदार विस्फोट हुआ। जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 लोग घायल हुए। बताया जा रहा है कि दागेस्तानी आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक, आठ में से दो टैंक फट गए और एक और विस्फोट का खतरा बन गया। लोकल इमरजेंसी सर्विस के मुताबिक, आग 500 वर्ग मीटर के क्षेत्र में लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विस्फोट की धमक बहुत तेज थी और अपार्टमेंट और घरों में महसूस की गई। विस्फोट का प्रारंभिक कारण एक गैस स्टेशन पर फटा हुआ गैस सिलेंडर है। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक रूप से हादसे की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, टीएएसएस रूसी समाचार एजेंसी की एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, आठ में से दो ईंधन टैंक फट गए। आग बुझाने में 70 से अधिक लोग और 20 उपकरण लगे हुए हैं। पुलिस और शहर के अधिकारी लोगों को घटनास्थल से दूर करने में जुट गए। एक अन्य विस्फोट का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के परिणामस्वरूप दो बच्चों सहित 12 की मौत हुई है और 50 घायल हुए हैं।
पीड़ितों के परिवारों की मदद में सरकार
क्षेत्रीय अभियोजक कार्यालय के मुताबिक, फिलिंग स्टेशन पर लगी आग के संबंध में निरीक्षण का आयोजन किया गया है। दागिस्तान के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। रूसी स्वास्थ्य मंत्रालय के पहले उप प्रमुख विक्टर फिसेंको ने दागिस्तान के लिए उड़ान भरी है। दागेस्तान के प्रमुख सर्गेई मेलिकोव ने बताया कि पीड़ितों के परिवारों को सभी आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications