अल्लाह हू अकबर.. नारे के साथ आतंकियों ने मॉस्को में मचाई मारकाट! रूस में आतंकी हमला करने वालों की हुई पहचान
Moscow terror attack: रूस की राजधानी मॉस्को में एक कॉन्सर्ट के दौरान मारकाट करने वाले आतंकवादियों की पहचान हो गई है और एक वीडियो में दावा किया गया है, कि ये आतंकवादी अल्लाह हू अकबर का नारे लगाते हुए फायरिंग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डच नेता गीर्ट वाइल्डर्स ने पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है, कि मॉस्को में गोलीबारी करने वाला आतंकवादी लगातार अल्लाह हू अकबर का नारा लगा रहा था। गीर्ट वाइल्डर्स एक डच राजनेता हैं, जो देश के प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गये थे।

आपको बता दें, कि ISIS के आतंकवादियों ने शुक्रवार को मॉस्को कॉन्सर्ट हॉल में गोलियां बरसाईं थीं, जिसमें 133 लोगों की मौत हो गई और 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, कि रूसी अधिकारियों ने चार संदिग्धों को उस समय गिरफ्तार किया है, जब वे यूक्रेन भाग रहे थे। हालांकि, डच नेता ने जो वीडियो शेयर किया है, उसकी हम पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
आइये जानते हैं, कि वो हमलावर कौन थे और उन्होंने कैसे रूसी राजधानी में नरसंहार किया है।
आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (ISIS) के अफगानिस्तान स्थित सहयोगी ने क्रोकस सिटी हॉल पर हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, पुतिन ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में ISIS का जिक्र नहीं किया है। जबकि, रूस के दुश्मन यूक्रेन ने कहा है, कि इस हमले से उसका कोई लेना-देना नहीं है।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने कहा है, कि हमले में यूक्रेन की किसी भी तरह की संलिप्तता नहीं है और ISIS ने हमले की जिम्मेदारी ली है। अमेरिका ने कहा है, कि उसके पास पहले से ही हमले को लेकर खुफिया जानकारी थी, जिसे उसने रूस के उच्च अधिकारियों के साथ शेयर किया था। लेकिन, रूस ने खुफिया जानकारियों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई।
जबकि, व्लादिमीर पुतिन ने कहा है, कि रूसी अधिकारियों ने कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, कि चार हमलावर यूक्रेन भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पकड़ लिया गया है।
रूसी समाचार रिपोर्टों में कहा गया है, कि ये हमलावर ताजिकिस्तान के नागरिक थे, जो मध्य एशिया में एक पूर्व सोवियत गणराज्य है, जो मुख्य रूप से मुस्लिम बहुल है और इसकी सीमा अफगानिस्तान से लगती है।
लेकिव, ताजिकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शुरुआती रूसी मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है, कि हमले में उसके देश के नागरिक शामिल हैं।
लेकिन, हमले के बाद रूसी राष्ट्रपति ने रूस में रहने वाले ताजिकिस्तान के नागरिकों के खिलाफ किसी भी सख्त कार्रवाई के विचार को खारिज कर दिया है और कहा है, कि "कोई भी ताकत हमारे बहु-जातीय समाज में कलह, दहशत या फूट के जहरीले बीज बोने में कामयाब नहीं हो पाएगी।"
जबकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है, कि रूस अपने ही लोगों के साथ खराब व्यवहार करता है और वह सारा दोष यूक्रेन पर मढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, "वे हमारे लोगों पर अत्याचार करते हैं और बलात्कार करते हैं, और वे उन्हें ही दोषी ठहराते हैं। उन्होंने हमारे यूक्रेनी धरती पर हमसे लड़ने के लिए अपने हजारों आतंकवादियों को यहां भेज दिया, और उन्हें इसकी परवाह नहीं है, कि उनके अपने देश के अंदर क्या हो रहा है।"
चश्मदीद ने बताया खौफनाक मंजर
वहीं, कॉन्सर्ट हमले में जिंदा बच गये एक चश्मदीद ने बताया है, कि हमलावरों ने किस पागलपन के साथ लोगों पर गोलियां बरसाई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने कॉन्सर्ट हॉल के परिसर में आग लगाने के लिए ज्वलनशील लिक्विड का इस्तेमाल किया है।
ये हमलावर छद्मवेशी वर्दी पहने हुए थे और गोलीबारी के बाद, वे रेनॉल्ट गाड़ी में भाग गए, जिसे पुलिस ने ब्रांस्क क्षेत्र में पीछा कर रोका लिया।
टीवी संपादक सिमोनियन ने एक वीडियो दिखाया है, जिसमें एक व्यक्ति सड़क के किनारे रूसी फोर्स को बता रहा है, कि वो 4 मार्च को तुर्की से आया था और उसने पैसों के बदले इस हमले को अंजाम दिया है और उसे हमला करने के लिए टेलीग्राम के जरिए ऑर्डर दिए गये थे।












Click it and Unblock the Notifications