PM मोदी के पहुंचने से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन को दहलाया, एयरस्ट्राइक में बच्चों के अस्पताल को उड़ाया
Russia-Ukraine war: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुछ देर बाद रूस के दौरे पर पहुंचने वाले हैं, लेकिन उससे पहले रूस ने यूक्रेन में भीषण एयरस्ट्राइक करते हुए बच्चों के एक अस्पताल को उड़ा दिया है। रूस ने ये हमला उस वक्त किया है, जब अमेरिका में नाटो शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
यूक्रेन के बच्चों के अस्पताल पर किए गये एक बड़े हवाई हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं, जिसकी पुष्टि यूक्रेनी आंतरिक मंत्रालय ने की है। अधिकारियों ने बताया है, कि मिसाइलों ने सोमवार को कीव में बच्चों के अस्पताल पर हमला किया और यूक्रेनी राजधानी में अन्य जगहों पर कम से कम तीन लोगों की जान ले ली।

वहीं मध्य यूक्रेनी शहर क्रिवी रीह में एक और हमले में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं।
यह कई महीनों में रूस की कीव पर सबसे बड़ी बमबारी है। यूक्रेनी वायु सेना ने कहा है, कि दिन के उजाले में किए गए हमलों में किंजल हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया है, जो सबसे एडवांस रूसी हथियारों में से एक है। किंजल ध्वनि की गति से 10 गुना ज्यादा रफ्तार से उड़ान भरता है, जिससे इसे रोकना मुश्किल हो जाता है।
इस रूसी बमबारी से शहर की इमारतें हिल गईं। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है, कि रूस ने विभिन्न प्रकार की 40 से ज्यादा मिसाइलों से पांच शहरों को निशाना बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ये हमला कीव के ओखमाटडाइट चिल्ड्रन अस्पताल पर हुआ, जो यूक्रेन का सबसे बड़ा बच्चों का चिकित्सा केंद्र है। फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है, कि रूसी हमले में कितने लोग घायल हुए हैं।
जेलेंस्की ने अस्पताल पर हमले की निंदा की
जेलेंस्की ने कीव में ओखमतदित चिल्ड्रेन हॉस्पिटल पर रूसी हमले की कड़ी निंदा की है औ वैश्विक जवाबदेही की मांग की करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मानवता, बच्चों और नागरिकों के खिलाफ रूस के अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने की मांग की है।
उन्होंने कहा, कि "रूस यह दावा नहीं कर सकता, कि उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि उसकी मिसाइलें कहां उड़ रही हैं और उसे उसके सभी अपराधों के लिए पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। ये हमला लोगों के खिलाफ, बच्चों के खिलाफ, सामान्य रूप से मानवता के खिलाफ है। यह बहुत महत्वपूर्ण है, कि दुनिया अब इस बारे में चुप न रहे, और हर कोई देखे, कि रूस क्या है और क्या कर रहा है।"
वॉशिंगटन में NATO शिखर सम्मेलन
यह हमला वाशिंगटन में तीन दिवसीय नाटो शिखर सम्मेलन शुरू होने से ठीक पहले किया गया है, जिसमें इस बात पर विचार किया जाएगा, कि गठबंधन के अटूट समर्थन के बारे में यूक्रेन को कैसे आश्वस्त किया जाए और यूक्रेन के लोगों को यह उम्मीद दी जाए, कि उनका देश द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे बड़े संघर्ष से उबर सकता है।
बच्चों के अस्पताल की दो मंजिला इमारत इस हमले में आंशिक रूप से नष्ट हो गई। अस्पताल की मुख्य 10 मंजिला इमारत में, खिड़कियां और दरवाजे उड़ गए और दीवारें काली हो गईं हैं।
चिकित्सा कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मलबे को हटाने का काम किया है और वो मलबे में अभी भी बच्चों की तलाश कर रहे हैं, जो नीचे फंसे हो सकते थे। हमले के बाद अस्पताल के इमारत से अभी भी धुआं उठ रहा था, और स्वयंसेवक और आपातकालीन दल सुरक्षात्मक मास्क पहनकर काम कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है, कि कीव के एक जिले में एक आवासीय बहुमंजिला इमारत का एक पूरा खंड नष्ट हो गया है। कीव शहर प्रशासन ने बताया, कि कीव के कुछ इलाकों में, संभवतः इंटरसेप्ट की गई मिसाइलों से मलबा गिर रहा था, जिससे आग लग गई। कीव के कई इलाकों से धुएं के घने गुबार उठते देखे गये हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंड्री यरमक ने कहा है, कि हमला उस समय हुआ, जब बहुत से लोग शहर की सड़कों पर थे। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि हमले के परिणामों का आधिकारिक आकलन अभी भी किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications