रूस ने यूक्रेन पर कल्स्टर बम से हमला करने का लगाया आरोप, कहा- हमारे पत्रकार की मौत हुई है, बदला लेंगे
रूस ने यूक्रेन पर खतरनाक क्लस्टर बम से पत्रकार की हत्या करने का आरोप लगाया है। रूस का दावा है कि यूक्रेन के दक्षिणपूर्वी जपोरीजिया इलाके में फ्रंट लाइन पर यूक्रेन ने कल्स्टर बम बरसाया जिसमें उनके वार रिपोर्टर मारे गए।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस हमले में 3 और रूसी पत्रकार घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमले के बाद पत्रकारों को युद्ध स्थल से निकाल लिया गया था लेकिन यात्रा के दौरान ज़ुरावलेव की मृत्यु हो गई।

रूसी सेना ने एक बयान में कहा, "यूक्रेनी सेना द्वारा क्लस्टर हथियारों का उपयोग करके किए गए हमले के परिणामस्वरूप, चार पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।" सेना ने कहा कि जीवित बचे अन्य संवाददाताओं को गंभीर चोट पहुंचा हैं।
कथित यूक्रेनी हमले में मारे गए पत्रकार का नाम रोस्तिस्लाव जुरावलेव है। वे सरकारी समाचार एजेंसी RIA से जुड़े हुए थे और युद्धग्रस्त इलाके में रिपोर्टिंग कर रहे थे। बयान में कहा गया है कि जुरावलेव यूक्रेन की तरफ से क्लस्टर बमों के जरिए किए जा रहे हमलों पर रिपोर्ट के लिए सबूत इकट्ठा कर रहे थे।
रूसी विदेश मंत्रालय ने इसे पहले से प्लान किया हुआ एक जघन्य अपराध बताया है और इसके लिए कीव और पश्चिमी देशों को जिम्मेदार ठहराया है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कहा कि यूक्रेन आतंक फैला रहा है।
जाखारोवा ने कहा कि जिन लोगों ने रूसी पत्रकार को निशाना बनाकर हमसे बदला लेने की कोशिश की है, उन्हें इसकी सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हत्या की ज़िम्मेदारी उन लोगों की भी है जिन्होंने यूक्रेन को क्लस्टर हथियार मुहैया कराए थे।
RIA एजेंसी ने भी ज़ुरावलेव की मौत की सूचना देते हुए कहा कि वह पियातिखाटकी के फ्रंट-लाइन गांव के पास मारे गए। हालांकि एजेंसी ने ये नहीं बताया है कि पत्रकार की मौत कल्स्टर बम से हुई है।
रूसी पत्रकार डेनियल हॉकिन्स ने इसे लेकर टेलीग्राम पर कहा कि इस घटना को लेकर मॉस्को से 'उग्र प्रतिक्रिया' आई है। हॉकिन्स ने कहा, "संयुक्त राष्ट्र में रूस के उप राजदूत दिमित्री पॉलींस्की ने कहा कि यह हमला सभी नैतिक सीमाओं को पार कर गया है।" उन्होंने कहा कि रूसी संघ परिषद ने इस हमले के लिए यूक्रेन और अमेरिका दोनों को समान रूप से जिम्मेदार माना है।
अमेरिका ने हाल में ही यूक्रेन को क्लस्टर हथियार देने का फैसला किया है। अमेरिका ने कहा कि क्लस्टर हथियारों की भयावहता के जोखिम को देखते हुए अभी तक इनकी सप्लाई नहीं की गई थी। इसके जवाब में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में क्लस्टर बमों का भंडार मौजूद है। जरूरत पड़ने वे इसका इस्तेमाल करने से नहीं चूकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications