US सांसद रो खन्ना का राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी पर करारा हमला, बताया- लोकतंत्र के लिए खतरनाक
भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी की आलोचना करते हुए उन्हें लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया है। भारतवंशी सांसद ने कहा कि रामास्वामी के पास अमेरिकियों के सामने आने वाले वास्तविक मुद्दों का कोई समाधान नहीं है।
38 वर्षीय भारतवंशी कारोबारी रामास्वामी बुधवार रात आयोवा में सीएनएन टाउन हॉल में पेश हुए। इस दौरान उन्होंने आव्रजन, सीमा सुरक्षा, धर्म और आर्थिक असमानता पर सवालों के जवाब दिए। इस पर 47 वर्षीय डेमोक्रेट प्रतिनिधि रो खन्ना ने पलटवार किया।

बैठक के बाद खन्ना ने बुधवार को कहा, 'विवेक का प्रचार अभियान का पॉडकास्ट हास्यपद होता अगर यह हमारे लोकतंत्र के लिए इतना खतरनाक नहीं होता।' उन्होंने आगे कहा कि टाउन हॉल में दिए रामास्वामी के तीखे बयान महज एक आडंबरपूर्ण बयानबाजी का अभ्यास था। अमेरिका के लोग जिन एक्शन की मांग कर रहे थे, उनका कोई समाधान नहीं बताया गया।
सिलिकॉन वैली से सांसद खन्ना ने कहा, 'यह शर्म की बात है कि मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करने के बजाय जैसा कि उन्होंने पहले मेरे साथ किया था वैसा ही आज किया। उन्होंने सनसनीखेज बातें करने का विकल्प चुना। आज की रिपब्लिकन पार्टी में आगे बढ़ने के लिए ऐसे बयानबाजी करने की आदत बन गई है।'
उन्होंने आगे कहा कि यह एक अगंभीर पार्टी है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो बाइडन और कमला हैरिस का समर्थन करने पर गर्व है। खन्ना ने कहा, 'डेमोक्रेट्स साथ मिलकर अमेरिकी लोगों के लिए ऐतिहासिक कानून बनाने में सफल रहे हैं और अगर हम फिर से चुने जाते हैं तो हम गर्भपात के अधिकार, बंदूक हिंसा, बेहतर रोजगार और कम लागत जैसे मुद्दों पर काम करेंगे।'
इससे पहले, टाउन हॉल में भाषण के दौरान रामास्वामी ने कहा था कि अगर वह राष्ट्रपति चुने जाते हैं तो वह बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों को उनके मूल देशों में वापस भेज देंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि जो कोई भी अवैध रूप से इस देश में है, उसे उनके मूल देश में वापस लौटने की जरूरत है।"












Click it and Unblock the Notifications