ऋषि सुनक को जिताने के लिए जी जान लगा रहे पाकिस्तानी सांसद, भारतीय MP के फेवरेट हैं बोरिस जॉनसन
प्रमुख पाकिस्तानी मूल के कंजर्वेटिव सांसद ऋषि सुनक को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन दे रहे हैं, जबकि भारतीय मूल के प्रमुख सांसद बोरिस जानसन का समर्थन कर रहे हैं।
ब्रिटेन में लिज ट्रस के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के लिए कंजर्वेटिव सांसदों के बीच लामबंदी तेज हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने दावा किया है कि उनके समर्थन के लिए जरूरी सांसद उनके पास हैं। वहीं ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी तेज कर दी है। सुनक ने ट्विटर पर कहा कि ब्रिटेन एक महान देश है लेकिन हम एक गहन आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं देश की अर्थव्यवस्था को ठीक करना चाहता हूं, अपनी पार्टी को एकजुट करना चाहता हूं और अपने देश के लिए काम करना चाहता हूं।

सुएला ब्रेवरमैन कर रही ऋषि सुनक का समर्थन
कुल मिलाकर ऐसा लग रहा है कि ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों को ऋषि सुनक और बोरिस जॉनसन के बीच चुनाव करना रह गया है। ऐसे वक्त में देखा जा रहा है कि बोरिस जॉनसन के समर्थन भारतीय मूल के सांसद मुखरता से खड़े हैं वहीं ऋषि सुनक के पक्ष में पाकिस्तानी मूल के सांसद खड़े हैं। हालांकि इसमें कुछ अपवाद भी हैं जैसे कि इस बीच ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने ऋषि सुनक का समर्थन किया है। सुएला ने बीते चुनाव में सुनक के बदले लिज ट्रस को वरीयता दी थी।

पाकिस्तानी मूल के सांसद कर रहे सुनक का समर्थन
वहीं, पाकिस्तानी मूल के सांसद साजिद जाविद ने ऋषि सुनक का समर्थन किया है। बतादें कि साजिद जाविद ने भी बीते चुनाव में लिज ट्रस का समर्थन किया था। साजिद जाविद पूर्व में ब्रिटिश सरकार में गृह मंत्री और राजकोष के चांसलर के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके साथ ही पाकिस्तानी मूल के रहमान चिश्ती, जो पहले एक जूनियर मंत्री रह चुके हैं, ऋषि सुनक का समर्थन कर रहे हैं।

भारतीय मूल के एमपी कर रहे बोरिस जॉनसन का समर्थन
वहीं, बोरिस जानसन का समर्थन करने वाले सांसदों में भारतीय मूल की सांसद प्रीति पटेल, आलोक शर्मा और शैलेश वारा हैं। प्रीति पटेल जानसन के मंत्रिमंडल में गृह मंत्री रह चुकी हैं। आलोक शर्मा पिछली दो ब्रिटिश सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। वहीं, शैलेश वारा का भारतीय कंजर्वेटिव सांसदों के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल रहा है।

सुनक को क्यों पसंद नहीं करते भारतीय मूल के सांसद ?
भारतीय मूल के सांसदों का सुनक को पसंद न करने का कारण ये भी है कि ये मंत्री एक वक्त में बोरिस जॉनसन की टीम में साथ काम कर चुके हैं ऐसे में इनके बीच आपस में प्रतिद्वंद्विता होती रही है। इसके अलावा एक वजह ये भी है कि बोरिस जानसन अभी भी टोरी सांसदों और पार्टी नेताओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। कम से कम तीन कैबिनेट मंत्रियों ने खुले तौर पर पीएम पद के लिए बोरिस जानसन का समर्थन किया है। इनमें व्यापार मंत्री जैकब रीस-मोग, विदेश मंत्री क्लेवरली, रक्षा मंत्री बेन वालेस और साइमन क्लार्क शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications