Pakistan provincial elections: पाकिस्तान के 4 राज्यों के नतीजे आए, किस राज्य में किस पार्टी की बन रही सरकार?
पाकिस्तान में नेशनल असेंबली के साथ-साथ 4 प्रांतीय चुनाव के नतीजे भी आ चुके हैं। हालांकि, अब तक चुनाव आयोग ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों ने यहां भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
पाकिस्तान के 4 राज्यों पंजाब, सिंध, खैबर पख्तून ख्वा और बलूचिस्तान के भी नतीजे आ चुके हैं। हालांकि अभी तक कुछ राज्यों में स्थिति साफ नहीं हो पाई है। पंजाब और बलूचिस्तान जैसे प्रांतों ये पता नहीं चल पाया है कि किसकी सरकार बनने वाली है।

पंजाब
पंजाब प्रांत में एक बार फिर से नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन ने सबसे अधिक सीटें हासिल की हैं। हालांकि यहां भी कोई भी पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाई है। पंजाब में 297 सीटें हैं। इनमें एक पर चुनाव टाल दिया गया है।
पंजाब के प्रांतीय चुनाव में इमरान समर्थक निर्दलीयों और नवाज की PML-N में कांटे की टक्कर है। पंजाब प्रांत में सरकार बनाने के लिए 149 सीटों की जरूरत है। पीएमएल-एन को यहां पर 138 सीटें और पीटीआई के निर्दलीय विधायकों को यहां पर 127 सीटें मिली हैं। इसके अलावा यहां पर पीपीपी को 10 और अन्य उम्मीदवारों को कुल 11 सीटें मिली हैं।
हालांकि बहुमत से 11 सीटें कम हासिल करने वाली पार्टी PML-N ने दावा किया है कि उसके पास पंजाब में सरकार बनाने के लिए बहुमत है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नवाज की बेटी मरियम नवाज मुख्यमंत्री बनेंगी। मरियम ने नेशनल असेंबली के साथ-साथ पंजाब की 3 सीटों से चुनाव लड़ा था।
सिंध
पाकिस्तान में पंजाब के बाद दूसरे सबसे बड़े राज्य सिंध में परिणाम एक बार फिर से पीपीपी के पक्ष में आए हैं। 130 सीटों वाले सिंध में पीपीपी को सबसे अधिक 84 सीटें मिली हैं। एक अन्य पार्टी एमक्यूएम को यहां पर सिर्फ 28 सीटें और पीटीआई को सिर्फ 14 सीटें मिली हैं। ऐसे में यहां पर इस बार भी पीपीपी की सरकार बनती दिख रही है। यह लगातार चौथी बार होगा जब पीपीपी सिंध में सरकार बनाएगी।
खैबर पख्तूनख्वा
अफगानिस्तान की सीमा से लगे प्रांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत इमरान खान का गढ़ माना जाता है। इस विधानसभा में 115 सामान्य सीटें हैं, 26 महिलाओं के लिए और चार गैर-मुसलमानों के लिए आरक्षित हैं। यहां पर इमरान समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों को भारी सफलता हासिल हई है।
यहां पर पीटीआई को 89 सीटें मिली हैं। दूसरे नंबर पर जेयूआईएफ को 7 सीटें, पीएमएल-एन को 5 और पीपीपी को 4 सीटें मिली हैं। खैबर पख्तूनख्वा में किसी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 58 सीटों की जरूरत है। इमरान खान की पीटीआई 2013 में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पहली बार अवामी नेशनल पार्टी को हराकर सत्ता में आई थी। इसके बाद पार्टी ने 2018 में भी सफलता हासिल की।
बलूचिस्तान
बलूचिस्तान में इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल नहीं हो पाया है। यहां पर पीपीपी को सबसे अधिक 11, पीएमएल-एन को 9, जेयूआईएफ को 8, पीटीआई को 5 और अन्य को 11 सीटें हासिल हुई हैं। इस राज्य में किस पार्टी की सरकार बनेगी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications