भारत और अमेरिका के बीच ऐतिहासिक रक्षा समझौता, राजनाथ सिंह और लॉयड ऑस्टिन ने तैयार किया रोडमैप

भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले हैं, जहां भारत और अमेरिका के बीच भारत में जेट इंजन के निर्माण को लेकर अहम डील की घोषणा किए जाने की संभावना है।

India-US News

India-US News: भारत और अमेरिका ने सोमवार को रक्षा औद्योगिक सहयोग के लिए एक रोडमैप तैयार किया है, जो नई टेक्नोलॉजी के को-डेवलपमेंट के साथ साथ मौजूदा और नई प्रणालियों के को-प्रोडक्शन के लिए नये अवसरों की पहचान करेगा।

इसके साथ ही दोनों देशों के बीच रक्षा स्टार्ट-अप पारिस्थितिक तंत्र के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भी समझौता किया गया है।

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के बीच नई दिल्ली में ये रोडमैप तैयार किया गया है, जो अगले कुछ वर्षों के लिए नीति दिशा का मार्गदर्शन करेगा। आपको बता दें, कि अमेरिकी रक्षा मंत्री की यात्रा इस महीने के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा से पहले हो रही है।

भारत-अमेरिका के बीच अहम रक्षा समझौता

रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, कि "दोनों मंत्रियों ने लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण के तरीकों की खोज की है। इसके तहत, दोनों पक्ष नई टेक्नोलॉजी के साथ नई प्रणालियों के साथ को-प्रोडक्शन पर ध्यान देंगे और दोनों देशों के रक्षा स्टार्ट-अप पारिस्थितिक तंत्रों के बीच सहयोग में वृद्धि की सुविधा प्रदान करेंगे।"

रक्षा मंत्रालय ने आगे कहा, कि "दोनों रक्षा मंत्रियों ने यूएस-इंडिया डिफेंस इंडस्ट्रियल कोऑपरेशन के लिए एक रोडमैप तैयार किया, जो अगले कुछ वर्षों के लिए नीतिगत दिशा का मार्गदर्शन करेगा।"

बयान में कहा गया है, "दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की, जिसमें औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के तरीकों की पहचान करने पर विशेष ध्यान दिया गया।"

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में राजनाथ सिंह और लॉयड ऑस्टिन ने "मजबूत और बहुमुखी" द्विपक्षीय रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की और जुड़ाव की गति को बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। बैठक के बाद, राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर कहा, कि ये वार्ता रणनीतिक हितों के अभिसरण और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने सहित कई क्षेत्रों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के इर्द-गिर्द घूमती है।

वहीं, अपने समकक्ष के बाद भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, कि "भारत-अमेरिका की साझेदारी मुक्त, खुले और नियमों से बंधे हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। हम क्षमता निर्माण और अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अमेरिका के साथ निकटता से काम करने के लिए तत्पर हैं।"

भारत-अमेरिका में मजबूत होते संबंध

दिल्ली में बैठक के दौरान राजनाथ सिंह और लॉयड ऑस्टिन ने हाल ही में दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस और डिफेंस सेक्टर में ध्यान केन्द्रित करने वाली बातचीत का स्वागत किया है।

इसके अलावा, राजनाथ सिंह और ऑस्टिन ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में अपने साझा हित को देखते हुए क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की।

दोनों नेताओं के बीच हुई इस बैठक में रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग और अध्यक्ष रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) डॉ समीर वी कामत शामिल थे।

इससे पहले सिंगापुर से रविवार को दिल्ली पहुंचे अमेरिका के रक्षा मंत्री ऑस्टिन ने दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में रक्षा मंत्री की मौजूदगी में तीनों सेनाओं के गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। आपको बता दें, कि ऑस्टिन की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले, लॉयड ऑस्टिन ने मार्च 2021 में भारत का दौरा किया था।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+