‘राजनीति के लिए आंतकवाद को बढ़ावा देना गलत’, UN में जयशंकर ने कनाडा और PM ट्रूडो को क्या सीख दी?
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में कनाडा का नाम लिए बिना उसे जमकर लताड़ लगाई। कनाडा के साथ चल रही तनातनी के बीच एस जयशंकर ने कहा कि राजनीति के लिए आतंकवाद को बढ़ाना गलत है।
जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि सियासी सहूलियत के हिसाब से आतंकवाद, चरमपंथ और हिंसा पर एक्शन नहीं लेना चाहिए। अपनी सहूलियत के हिसाब से क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान और आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं हो सकता।

एस जयशंकर ने कहा कि जब वास्तविकता बयानबाजी से दूर हो जाती है, तो हमें उसे सामने लाने का साहस रखना चाहिए। विदेश मंत्री का ये बयान भारत और कनाडा के बीच बिगड़ते रिश्ते के बीच आया है।
उन्होंने कहा कि अब भी कुछ ऐसे देश हैं जो एजेंडा को आकार देते हैं और मानदंडों को परिभाषित करना चाहते हैं। यह अनिश्चितकाल तक नहीं चल सकता। उन्होंने आगे कहा कि वे दिन बीत गए जब कुछ देश एजेंडा तय करते थे और उम्मीद करते थे कि दूसरे भी उनकी बातें मान लें।
आपको बता दें कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बीते दिनों कनाडा की संसद में दिए एक बयान में आरोप लगाया था कि खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत का हाथ हो सकता है। इस पर भारत सरकार ने कनाडा से कानूनी सबूत पेश करने को कहा था लेकिन अभी तक कनाडा ने भारत को कोई सबूत नहीं दिया है।
भारत कनाडा के बीच जारी विवाद के बीच जयशंकर का यह अमेरिकी दौरा अहम है। बता दें कि अमेरिकी सरकार ने कनाडा के आरोपों पर भारत से जांच में सहयोग देने की अपील की थी। हालांकि बाद में अमेरिका ने भारत-कनाडा विवाद पर कोई बयान नहीं दिया है, जिससे माना जा रहा है कि अमेरिका, भारत की अहमियत को देखते हुए दोनों देशों के विवाद में नहीं पड़ना चाहता।












Click it and Unblock the Notifications