Video: PM मोदी का क्रोएशिया की धरती पर अनोखा स्वागत, विदेश में पहली बार मिला ऐसा आध्यात्मिक सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का बुधवार को क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब (Zagreb) में अनोखा स्वागत किया गया। इसके साथ ही वे क्रोएशिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बन गए हैं, और इस मौके पर उन्हें जो सम्मान मिला, वह भारतीय संस्कृति की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत बनाता है।
स्वागत के दौरान 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारों के बीच पारंपरिक भारतीय नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया।

गायत्री मंत्र से हुआ PM मोदी का आध्यात्मिक स्वागत
जाग्रेब के एक होटल में पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत भारतीय मूल के लोगों ने जोशीले अंदाज में किया। लेकिन सबसे खास पल तब आया जब क्रोएशियाई नागरिकों के एक ग्रुप ने सफेद पारंपरिक ड्रेस में गायत्री मंत्र और अन्य संस्कृत श्लोकों का उच्चारण किया।
यह दृश्य प्रधानमंत्री के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से शेयर किया गया, जिसमें भारत और क्रोएशिया के सांस्कृतिक संबंधों की झलक साफ नजर आई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- भारतीय संस्कृति को मिला क्रोएशिया में सम्मान
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि, 'संस्कृति के बंधन मजबूत और जीवंत हैं! यहां ज़ाग्रेब में स्वागत का एक हिस्सा। यह देखकर खुशी हुई कि भारतीय संस्कृति को क्रोएशिया में इतना सम्मान मिलता है।'
भारतीय समुदाय से मुलाकात, मिला भावुक स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि जाग्रेब में मैंने भारतीय समुदाय के कुछ सदस्यों से बातचीत की, जिन्होंने मुझे अविस्मरणीय स्वागत दिया। यहां के भारतीय समुदाय में इस दौरे को लेकर अपार उत्साह है और यह दोनों देशों के बीच संबंधों को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बनाएगा!' मोदी के स्वागत में क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक (Andrej Plenković) खुद एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
कनाडा और साइप्रस दौरे के बाद पहुंचे ज़ाग्रेब
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले कनाडा में G7 समिट में हिस्सा ले चुके हैं, जहां उन्होंने कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की। उससे पहले वे साइप्रस का दौरा भी कर चुके हैं।
भारत और क्रोएशिया के रिश्ते
वर्तमान में भारत और क्रोएशिया के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है। शिक्षा और पर्यटन में भी भागीदारी बढ़ रही है, जिससे लोगों के बीच संपर्क गहरा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा ने इन द्विपक्षीय संबंधों (Bilateral Relations) को एक नई दिशा दी है।












Click it and Unblock the Notifications