PM Modi Israel Visit: यहूदियों में होती है जाति संरचना! क्या है बेंजामिन नेतन्याहू की मूल पहचान?
PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजराइल दौरे पर पूरी दुनिया की नजर है। दोनों देशों के बीच कुछ बड़े और अहम करार होने वाले हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर इजराइल और यहूदियों की मान्यता उनके समाज और जाति व्यवस्था जैसे सवालों को लेकर आम लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है। इंटरनेट पर ऐसे सवाल पूछे जा रहे हैं कि क्या इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू किसी जाति से आते हैं? यह सवाल अक्सर चर्चा में रहता है कि यहूदियों में भी जाति और वर्ग संरचना है?
दरअसल, यहूदी समाज में भारतीय हिंदू समाज जैसी जाति व्यवस्था नहीं होती है लेकिन वंशानुगत और सांस्कृतिक आधार पर कुछ सामाजिक विभाजन जरूर मौजूद हैं। इस विभाजन में एक तरह का क्रम है जैसा कि हिंदुओं में भी होता है।

Jews Class Identity: यहूदियों के अंदर भी है वर्ग संरचना
यहूदियों के अंदर भी एक वर्ग संरचना होती है। सबसे ऊपर 'कोहेन' (पुरोहित वर्ग) फिर 'लेवी' वंश होता है। यह विभाजन धार्मिक कर्तव्यों पर आधारित था। जहां कोहेन पुजारी होते थे, लेवी सहायक और बाकी बचे हुए यहूदियों को 'इजराइल' कहा जाता था। सांस्कृतिक स्तर पर यहूदी समाज में अश्केनाजी, सेफार्ड और मिजराही जैसे प्रमुख समूह हैं। कोहेन लोगों के पास धार्मिक आधार पर विशेष अधिकार होते थे और यह पुरोहित की तरह होते हैं। इन्हें यहूदियों के धर्म ग्रंथ तनखा को सबसे पहले पढ़ने की इजाजत होती है और धार्मिक कार्यों को संपन्न कराना भी इनकी जिम्मेदारी होती है।
अश्केनाजी यहूदी पूर्वी यूरोप से आकर इजराइल में बसे, जबकि मिजराही वो लोग हैं जो मध्य-पूर्व और अफ्रीका से इजराइल पहुंचे। स्पेन और पुर्तगाल से आने वाले यहूदियों को सेफार्ड कहा गया। काफी समय तक धार्मिक आधार पर कोहेन समुदाय के लोग दूसरे समुदाय में शादी नहीं करते थे और इनके धार्मिक नियम भी कठोर होते थे। मसलन कि कोहेन समुदाय के पुरुषों को तलाकशुदा महिला से शादी की अनुमति नहीं थी। हालांकि, वक्त के साथ ये सारे बंधन ढीले होते गए।
Benjamin Netanyahu का पारिवारिक इतिहास
- इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू यहूदी समुदाय के अश्केनाज़ी (Ashkenazi) समूह से संबंध रखते हैं। जिन यहूदियों के पूर्वज मध्य और पूर्वी यूरोप जैसे कि बेलारूस, लिथुआनिया और पोलैंड में बसे थे, उन्हें अश्कनाजी यहूदी माना जाता है।
- नेतन्याहू के पिता बेन्ज़ियन नेतन्याहू का जन्म वारसॉ (पोलैंड) में हुआ था। धार्मिक वंश के लिहाज से नेतन्याहू इजरायल श्रेणी में आते हैं, जो सामान्य यहूदी आबादी का हिस्सा है।
- दिलचस्प बात यह है कि अश्केनाजी पृष्ठभूमि से आने के बावजूद नेतन्याहू मिज़राही यहूदियों के बीच भी काफी लोकप्रिय रहे हैं, जो उनकी पार्टी का मजबूत समर्थन आधार माने जाते हैं।
- बेंजामिन नेतन्याहू के परिवार का मूल उपनाम 'मिलिकोव्स्की' (Mileikowsky) था, जिसे इजराइल आने के बाद बदलकर 'नेतन्याहू' कर लिया गया। हिब्रू भाषा में नेतन्याहू का अर्थ है, ईश्वर का दिया हुआ।
PM Modi Israel Visit: दोनों देशों के बीच होंगे अहम करार
भारत और इजरायल की दोस्ती पिछले एक दशक में काफी मजबूत हुई है। इजरायल ने अंतर्राष्ट्रीय मंचों से भी भारत का समर्थन किया है। दोनों देशों के बीच इस दौरे पर कई अहम करार हो सकते हैं। भारत और इजरायल के बीच रक्षा, सैन्य और विज्ञान के क्षेत्र में अहम करार होने की उम्मीद है। इसके अलावा, सांस्कृतिक पर्यटन, आयात-निर्यात के लिहाज से भी समझौते की उम्मीद की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications