पीएम मोदी की यूनाइटेड नेशंस को दो टूक, समय के अंदर लागू हों सुधार
न्यूयॉर्क। अगले हफ्ते से न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा का 70वां अधिवेशन शुरू हो रहा है। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने यूएन को दो टूक शब्दों में कह दिया है कि यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल यानी यूएनएससी में होने वाले सुधारों को तय समयसीमा में लागू कर दिया जाए।

पीएम मोदी ने परिषद को ‘बीते युग की परिस्थितियों का' परिणाम बताते हुए महासचिव बान की मून से कहा है कि भारत को शामिल करते हुए परिषद को ज्यादा प्रतिनिधित्व वाला बनाया जाए।
मोदी ने एक चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने कहा है, 'बदले हुए सुरक्षा माहौल से निपटने से लेकर वर्ष 2015 के बाद के विकास एजेंडे की प्रक्रिया असरदार तरीके से काम कर सके, इसे सुनिश्चित करने तक, हम जो कुछ करना चाहते हैं, हमारी प्रासंगिकता और प्रभाव बड़े तौर पर संयुक्त राष्ट्र, खासकर इसकी सुरक्षा परिषद के आंतरिक सुधार पर निर्भर करेगी।'
मोदी ने यह चिट्ठी चार जुलाई को लिखी थी। मोदी ने लिखा, ‘अगर यह हमारे लिए बहुत मुश्किल कार्य है तो भी यह सबसे ज्यादा अत्यावश्यक और महत्वपूर्ण है ।'
इस चिट्ठी को कल यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने उपलब्ध कराया । मोदी 25 सितंबर को यूनाइटेड नेशंस जाएंगे। मोदी ने कहा कि वर्तमान सुरक्षा परिषद ‘ बीते युग ' की परिस्थितियों का परिणाम है।
मोदी के मुताबिक भावी पीढी 70 साल पूरे होने को खोये हुए अवसर के रूप में नहीं बल्कि ऐसे क्षण के रूप में याद करे जब विश्व ने सामूहिक रूप से दुनिया के गरीबों, महिलाओं, युवाओं, प्रकृति और बेजुबान अजन्मे बच्चों से संबंधित अपनी संधियों का सामूहिक रूप से सम्मान किया।












Click it and Unblock the Notifications