फिलीपींस के राष्ट्रपति दुतेर्ते अब बोले, दुनिया में जब तक खूबसूरत महिलाएं हैं, रेप होते रहेंगे
मनीला। फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने एक बार फिर से विवादित टिप्पणी की है। गुरुवार को एक कार्यक्रम में दुतेर्ते ने अप्रत्यक्ष तौर पर महिलाओं की खूबसूरती को रेप जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया है। दुतेर्ते ने यह टिप्पणी उस समय की जब वह अपने गृहनगर दवाओ में आई पुलिस रिपोर्ट का जिक्र कर रहे थे। दावाओ, दुतेर्ते का गृहनगर है और वह यहां के मेयर भी रह चुके हैं। इस शहर में पिछले कुछ दिनों में यौन अपराधों में खासा इजाफा हुआ है। दुतेर्ते के बयान को लेकर उनके ही देश में आलोचना हो रही है।

खूबसूरत महिलाओं की वजह से रेप
दुतेर्ते ने कहा कि उनके होमटाउन में रेप अधिक होते हैं क्योंकि उनके शहर की महिलाएं काफी खूबसूरत हैं। दुतेर्ते की मानें तो जब तक खूबसूरत महिलाएं हैं तब तक रेप केसेज में और इजाफा होता रहेगा। मांदुऐ शहर में बोलते हुए दुतेर्ते ने कहा, 'लोग कहते हैं कि दावाओ में रेप की बहुत सारी घटनाएं होती रही हैं। जब वहां पर इतनी खूबसूरत महिलाएं होंगी तो रेप तो होंगे हीं। शहर में खूबसूरत महिलाएं हैं तो और अधिक रेप केस होंगे।' विपक्षी दलों के नेताओं से दुतेर्ते को अपने बयान पर माफी मांगने के लिए कहा जा रहा है। हालांकि, उनके ऑफिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने यह बात मजाकिया अंदाज में कही है।

रजामंदी से नहीं हो सकता रेप
दुतेर्ते यहीं नहीं रुके और उन्होंने आगे कहा, 'कोई भी पहली बार अनुरोध पर रेप करने के लिए रजामंद होता है क्या ? क्या कोई महिला इसकी मंजूरी देगी? नहीं कभी नहीं। कोई भी पहली बार में इसके लिए राजी नहीं होता है। पहली कोशिश में यह नहीं होता है और वह रेप है।' अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक कई महिला संगठनों ने कहा है कि दुतेर्ते के इस बयान को ज्यादा तवज्जो देने की जरूरत नहीं है। राष्ट्रपति दुतेर्ते पहले भी कई बार महिलाओं पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं।

सैनिकों को दी रेप की इजाजत
इससे पहले फिलीपींस के राष्ट्रपति ने साल 2016 में सैनिकों द्वारा रेप पर विवादित बयान दिया था। 2016 में उन्होंने सैनिकों द्वारा रेप किए जाने पर कहा था कि मेरे सैनिक रेप कर सकते हैं, मैं जेल चला जाऊंगा। पिछले वर्ष यानी 2017 में उन्होंने बयान दिया था कि जिन इलाकों में मार्शल लॉ लगा है वहां पर सैनिक तीन महिलाओं का बलात्कार कर सकते हैं और उन्हें कोई भी सजा नहीं दी जाएगी। दुतेर्ते ने कहा था, 'अगर आपने तीन महिलाओं का बलात्कार किया है तो फिर सब-कुछ मुझे पर छोड़ दीजिएगा।'
जीवनसंगी की तलाश है? भारत मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें - निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!