काल्पनिक हिंदू राष्ट्र कैलासा के साथ पराग्वे ने साइन किया MoU, बवाल के बाद अधिकारी को किया गया सस्पेंड
Paraguay official signing MoU with Nithyananda: पराग्वे सरकार के एक अधिकारी को यह खुलासा होने के बाद सस्पेंड कर दिया गया है, कि उन्होंने एक भगोड़े भारतीय गुरु, नित्यानंद के काल्पनिक देश कैलासा के प्रतिनिधियों के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिन्होंने दक्षिण अमेरिकी देश में कई स्थानीय अधिकारियों को भी धोखा दिया है।
पराग्वे से ये मामला सामने आया है और इस घटना के बाद बवाल मच गया है, कि आखिर इस काल्पनिक हिन्दू राष्ट्र के साथ पराग्वे के अधिकारियों ने MoU पर दस्तखत क्यों किए हैं। वहीं, पराग्वे में भी इसकी खूब आलोचना की जा रही है, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी देश के अधिकारी ने काल्पनिक संयुक्त राज्य कैलासा के स्व-घोषित प्रतिनिधियों के साथ किसी एमओयू पर साइन किए हैं।

कैलासा के साथ समझौता क्यों?
आपको बता दें, कि कैलासा के अधिकारी लगातार अंतर्राष्ट्रीय मान्यता हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और इस साल की शुरुआत में, वे जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र समिति की बैठक में भाग लेने में भी कामयाब रहे थे और संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा में स्थानीय नेताओं के साथ समझौतों पर भी उन्होंने हस्ताक्षर किए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, नित्यानंद के कैलासा के साथ पराग्वे के जिस अधिकारी ने एमओयू साइन किया था, उसका नाम अर्नाल्डो चमोरो है और वो पराग्वे के कृषि मंत्रालय के चीफ ऑफ स्टाफ थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है।
इस एमओयू में अन्य बातों के अलावा, 16 अक्टूबर की "उद्घोषणा" में संयुक्त राज्य कैलासा के साथ राजनयिक संबंधों की स्थापना पर सक्रिय विचार करने और संयुक्त राष्ट्र में संयुक्त राज्य कैलासा के प्रवेश का समर्थन करने के लिए पराग्वे सरकार के लिए "ईमानदारी से इच्छा और सिफारिश" व्यक्त की गई थी।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए समझौते की एक प्रति के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों में एक संप्रभु और स्वतंत्र राज्य के रूप में कैलासा को मान्यता देने की मांग की गई है।
काल्पनिक देश कैलासा के प्रतिनिधियों ने पराग्वे के अधिकारी चमोरो और कृषि मंत्री कार्लोस जिमेनेज़ से मुलाकात की थी, जिसे अधिकारी चमोरो ने रेडियो इंटरव्यू में कबूल किया है।
इंटरव्यू के दौरान चमोरो ने माना, कि उन्हें नहीं पता कि कैलासा कहां स्थित है और उन्होंने कहा, कि उन्होंने "समझौता ज्ञापन" पर हस्ताक्षर किए हैं, क्योंकि उन्होंने सिंचाई सहित विभिन्न मुद्दों पर पराग्वे की मदद करने की पेशकश की थी।
कैलासा के सोशल मीडिया अकाउंट में पोस्ट की गई तस्वीरों में काल्पनिक देश के प्रतिनिधियों को मारिया एंटोनिया और करपई नगर पालिकाओं के स्थानीय नेताओं के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए भी दिखाया गया है। सोशल मीडिया अकाउंट ने इनमें से प्रत्येक हस्ताक्षर का जश्न मनाया है।

कैलासा की वेबसाइट पर, काल्पनिक देश को "प्राचीन प्रबुद्ध हिंदू सभ्यता वाले राष्ट्र का पुनरुद्धार" के रूप में वर्णित किया गया है, जिसे दुनिया भर से विस्थापित हिंदुओं द्वारा पुनर्जीवित किया जा रहा है। इसका नेतृत्व स्वयंभू गुरु नित्यानंद द्वारा किया जा रहा है, जो यौन उत्पीड़न सहित कई आरोपों में भारत में वांटेड है। हालांकि, अभी भी उसका ठिकाना अज्ञात है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, संयुक्त राज्य कैलासा के प्रतिनिधियों ने फरवरी में जिनेवा में दो संयुक्त राष्ट्र समिति की बैठकों में भाग लिया था। मार्च में, न्यू जर्सी के नेवार्क सिटी हॉल ने स्वीकार किया कि जब उसने कैलासा के साथ सिस्टर सिटी समझौते पर हस्ताक्षर किए, तो उसे कैलासा की असलियत के बारे में जानकारी नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications