पाक सेना सीमा पर इस्तेमाल कर रही अमेरिका से आए हथियार, भारत वाशिंगटन के सामने उठाएगा मामला
नई दिल्ली। पाकिस्तान की ओर से सीमापार से हो रही गोलाबारी में अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल पर भारत इस मामले को अमेरिका के सामने उठा सकता है। बताया जा रहा है कि आतंकियों के खिलाफ इस्तेमाल को दिए गए हथियारों का इस्तेमाल पाक सेना भारत के खिलाफ कर रही है। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना भारतीय सेना को निशाना बनाने के लिए अमेरिका निर्मित एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (एटीजीएम) का इस्तेमाल कर रही है।

पाकिस्तानी सेना ने पिछले रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी के दौरान भारतीय सेना के एक दल पर एटीजीएम का इस्तेमाल किया था। इस गोलाबारी में भारतीय सेना के कैप्टन समेत चार सैनिक शहीद हो गए थे। पाकिस्तानी सेना ने 120 मिमी मोर्टार और एटीजीएम का इस्तेमाल राजौरी में हमले के दौरान किया था। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच पाकिस्तान के अमेरिका निर्मित एटीजीएम का इस्तेमाल करने से सुरक्षा प्रतिष्ठान चिंतित हैं।
अमेरिका ने जून 2016 में भारत को अपना प्रमुख सामरिक साझेदार घोषित किया था। इसके तहत भारत के साथ सैन्य व्यापार और तकनीकी हस्तांतरण बढ़ाने की दिशा में काम हो रहा है। पिछले कुछ दिनों में ट्रंप प्रशासन ने कई मौकों पर पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया है और उसे आतंक के खिलाफ लड़ाई में ईमानदारी बरतने को कहा है। अमेरिका ने पाक को दी जा रही मदद को भी रोकने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications