Pakistan: गाड़ियों से लोगों को उतारा, पूछी पहचान और मार दी गोली, PAK में भीषण आतंकी हमला, 23 लोगों की हत्या
Pakistan News: पाकिस्तान में भीषण आतंकवादी हमला हुआ है और पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को दक्षिण-पश्चिम पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने कम से कम 23 लोगों को जबरन उनके वाहनों से उतारकर हत्या कर दी है। जियो न्यूज के मुताबिक, ये सभी यात्री थे, जिन्हें गाड़ियों से उतारकर गोली मारी गई है।
जियो के मुताबिक, बलूचिस्तान के मूसाखेल के राराशम इलाके में यात्री बसों और ट्रकों से उतारे जाने के बाद कम से कम 23 यात्रियों की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार को जियो न्यूज को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यात्रियों को हथियारबंद बंदूकधारियों ने गोली मार दी।

एएफपी के मुताबिक, आतंकवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत के मुसाखाइल जिले में कई बसों, ट्रकों और वैन को रोका और लोगों की जातीय पहचान करने के बाद उन्हें गोली मार दी। इस घटना में पांच लोग घायल भी हुए हैं।
मुसाखाइल के एक वरिष्ठ अधिकारी नजीबुल्लाह काकर ने एएफपी को बताया है, कि "पंजाब को बलूचिस्तान से जोड़ने वाले राजमार्ग पर आतंकवादियों ने कई बसों, ट्रकों और वैन को रोक दिया, जिसमें कम से कम 22 लोग मारे गए और पांच घायल हो गए।"
उन्होंने कहा, "पंजाब से आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई और पंजाब के लोगों की पहचान करके उन्हें गोली मार दी गई।"
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, सहायक आयुक्त मुसाखाइल नजीब काकर ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने मुसाखेल के राराशम जिले में अंतर-प्रांतीय राजमार्ग को ब्लॉक कर दिया और यात्रियों को उतार दिया। उन्होंने 10 वाहनों को आग भी लगा दी।
पाकिस्तान के नेताओं ने की निंदा
रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है। इस घटना में लोगों की मौत पर दुख और शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रपति जरदारी ने कहा, कि निर्दोष लोगों की नृशंस हत्या पूरी मानवता की हत्या है और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का आह्वान किया।
वहीं, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्थानीय प्रशासन को शोक संतप्त परिवारों के साथ पूर्ण सहयोग करने और घायलों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों को घटना की तत्काल जांच करने का भी निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा, "इस घटना के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को कड़ी सजा दी जाएगी।"
उन्होंने कहा कि देश में किसी भी तरह का आतंकवाद स्वीकार्य नहीं है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों ने आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने आतंकवाद की घटना की कड़ी निंदा की। उनके कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, उन्होंने आतंकवादियों की कायरतापूर्ण हरकत में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति हार्दिक सहानुभूति और संवेदना व्यक्त की है।












Click it and Unblock the Notifications