पाक सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को लगाई फटकार, कहा-मिस्टर PM हम कोई छोटे देश नहीं हैं
इस्लामाबाद, 10 नवंबर: आर्मी स्कूल हत्याकांड मामले में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान बुधवार को पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट बेंच के समक्ष पेश हुए। सुप्रीम कोर्ट ने हमले के दोषी संगठन के साथ बातचीत करने पर इमरान खान को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, वह लगभग 150 लोगों के नरसंहार के दोषियों के साथ बातचीत क्यों कर रहे हैं। बता दें कि, इस हमले को तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने किया था।

सुप्रीम कोर्ट में दायर एक याचिका में बच्चों के माता-पिता ने तत्कालीन देश के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी। साथ ही कोर्ट से घटना की पारदर्शी जांच का भी अनुरोध किया था। इसके बाद पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश (सीजेपी) गुलज़ार अहमद की अध्यक्षता वाली तीन-न्यायाधीशों की पीठ न्यायमूर्ति काजी मोहम्मद अमीन अहमद और न्यायमूर्ति एजाज उल अहसन ने इमरान को लगभग 10 बजे तलब किया था। करीब दो घंटे बाद वह दोपहर से ठीक पहले कोर्ट पहुंचे।
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधान न्यायाधीश ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह एपीएस मामले में उनकी सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में अदालत को बताएं। सीजेपी ने प्रधान मंत्री को बताया कि एपीएस पीड़ितों के माता-पिता सरकार से मुआवजे की मांग नहीं कर रहे थे। माता-पिता पूछ रहे हैं कि [उस दिन] सुरक्षा व्यवस्था कहां थी? हमारे व्यापक आदेशों के बावजूद, कुछ भी नहीं किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान से पूछा है कि वह सैकड़ों लोगों की मौत के दोषियों के साथ क्यों बातचीत कर रहे हैं।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री ने मुख्य न्यायाधीश को बताया कि एपीएस नरसंहार के बाद एक राष्ट्रीय कार्य योजना पेश की गई थी। पाकिस्तान में कोई भी 'पवित्र गाय' नहीं है। हमने आतंकवाद के खिलाफ जंग जीती है। उस समय हर रोज बम धमाके हो रहे थे। पीठ ने कहा कि सरकार को एपीएस स्कूली बच्चों के माता-पिता की बात सुननी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, 'सरकार को आर्मी पब्लिक स्कूल हत्याकांड में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
इमरान खान ने आश्वासन दिया कि सरकार न्याय दिलाने का काम करेगी। शीर्ष अदालत ने प्रधानमंत्री को अपने 20 अक्टूबर के फैसले पर अमल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस इमरान खान ने कहा, 'एक मिनट रुकिए जज साहब! अल्लाह स्कूली बच्चों के माता-पिता को सब्र देगा, सरकार मुआवजा देने के अलावा और क्या कर सकती है?'
इमरान खान बोले, 'पता करें कि 80,000 लोग क्यों मारे गए? यह भी पता करें कि पाकिस्तान में हुए 480 ड्रोन हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है।' सीजेपी ने कहा कि इन चीजों के बारे में पता लगाना आपका काम है। आप प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री के रूप में आपके पास इन सवालों का जवाब होना चाहिए। उन्होंने इमरान खान से कहा कि इस त्रासदी को हुए सात साल बीत चुके हैं। 'प्रधानमंत्री जी, हम कोई छोटा देश नहीं हैं। हमारे पास दुनिया की छठी सबसे बड़ी सेना है।'












Click it and Unblock the Notifications