पाकिस्तान का पीएम बनते ही शहबाज शरीफ को याद आया कश्मीर, संसद में क्या बोल गए?
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद शहबाज शरीफ ने एक बार फिर से कश्मीर राग अलापा है। उन्होंने इस मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से दखल देने की गुजारिश की है। इसके साथ ही उन्होंने कश्मीर मुद्दे के साथ-साथ पश्चिम एशिया में फिलिस्तीन का भी जिक्र किया।
शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान, फिलिस्तीन के साथ है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शहबाह शरीफ ने रविवार को सदन में कश्मीर और फिलिस्तीन का मुद्दा उठाया। इस दौरान वो कश्मीरियों और फिलिस्तीनियों के लिए 'आजादी' की वकालत करते नजर आए।

शहबाज शरीफ ने फिलिस्तीन मुद्दे पर द्विदलीय प्रस्ताव लाने की मांग रखी। शहबाज ने कहा कि गाजा की मौजूदा स्थिति पर 'वैश्विक चुप्पी' देखी जा सकती है। पाकिस्तानी पीएम ने कहा, 'आइए हम सब एक साथ आएं। नेशनल असेंबली को कश्मीरियों और फिलिस्तीनियों की आजादी के लिए प्रस्ताव पारित करना चाहिए।'
नवनिर्वाचित पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने आतंकवाद पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने संसद में विजयी भाषण के दौरान देश में आतंकवाद और उसकी जड़ों को खत्म करने का लोगों से वादा किया। भाषण में नए पीएम ने कहा कि उनकी सरकार आगामी 5 सालों में कड़ी मेहनत करेगी।
शहबाज शरीफ ने घोषणा करते हुए कहा कि पाकिस्तान के सहयोगी देशों के नागरिकों को देश में वीजामुक्त प्रवेश प्रदान किया जाएगा। शहबाज शरीफ ने उम्मीद जताई है कि उनके इस कदम से पाकिस्तान में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
शहबाज ने कहा कि इस संसद में ऐसे प्रतिभाशाली लोग बैठे हैं, जो पाकिस्तान की नैया पार लगा सकते हैं। इनमें पत्रकार, बुद्धिजीवी, नेता, धार्मिक नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के सामने एक बड़ी चुनौती और अवसर था।
उन्होंने कहा, 'अगर हम एक साथ आते हैं और पाकिस्तान के भाग्य को बदलने का फैसला करते हैं, तो इंशाअल्लाह हम इन चुनौतियों को परास्त करेंगे। पाकिस्तान को उसके सही मुकाम तक लेकर जाएंगे।' उन्होंने कहा कि यह काम मुश्किल है, लेकिन नामुमकिन नहीं है।
इससे पहले 336 सदस्यीय संसद में वोटिंग के बाद प्रधानमंत्री चुने गए शहबाज के समर्थन में 201 सांसदों ने वोट डाले। उनके प्रतिद्वंद्वी पीटीआई समर्थित पार्टी के नेता उमर अयूब खान को सिर्फ 92 वोट मिले। इसके बाद संसद में स्पीकर ने शहबाज के प्रधानमंत्री चुने जाने का एलान किया। इससे पहले शहबाज को बड़े भाई और पूर्व पीएम नवाज शरीफ से आशीर्वाद लेते भी देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications