Pakistan: रोजा रखा तो फ्लाइट में चढ़ने की नहीं मिलेगी इजाजत, PIA ने पायलट और फ्लाइट क्रू के लिए बनाए नियम
पाकिस्तान की राष्ट्रीय विमानन कंपनी PIA ने पायलटों और फ्लाइट अटेंडेंट्स के रोजा रखने पर रोक लगा दी है। विमानन कंपनी ने यह फैसला चिकित्सा परामर्श पर लिया है, जिसमें कहा गया है कि रोजा रखने से व्यक्ति को डिहाइड्रेशन हो सकता है। साथ ही उसे आलस और नींद जैसी समस्याओं से गुजरना पड़ सकता है।
कॉरपोरेट सेफ्टी मैनेजमेंट और एयर क्रू मेडिकल सेंटर दोनों ने सिफारिश की है कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के पायलटों और केबिन क्रू सदस्यों को उड़ानों के दौरान उपवास नहीं करना चाहिए।

PIA के एक अधिकारी ने कहा, शीर्ष प्रबंधन ने इन सलाहों के आधार पर पायलटों और केबिन क्रू कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अनुपालन आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति रोजा रखता है तो वह नींद और आलस जैसी समस्याओं से जूझ सकता है।
निर्देश में आगे कहा गया है कि रोजा रखने के दौरान विमान उड़ाना काफी जोखिम भरा हो सकता है। लंबे वक्त से फास्टिंग कर रहे इंसान से आपात स्थिति में गलत निर्णय लेने की संभावना अधिक होती है। रोजा रखने वाले शख्स की सहनशक्ति कम हो जाती है, ध्यान क्षमता पर असर पड़ता है वह देर से रिएक्ट करता है।
इसलिए सभी कारकों पर विचार करने के बाद, यह स्पष्ट है कि उपवास के दौरान विमान में उड़ान भरना न केवल आपके लिए बल्कि दूसरों के लिए भी हानिकारक है। इसलिए पायलट और क्रू सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय या घरेलू उड़ानों के लिए ड्यूटी पर रहने के दौरान व्रत नहीं रखने के लिए कहा गया है।
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस प्रबंधन ने अपने आदेश में कहा कि अगर कोई भी पायलट या क्रू मेंबर उपवास करते हुए पाया गया तो उसे फ्लाइट में चढ़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में पहले ही एक परिपत्र जारी किया जा चुका है और अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। नागरिक उड्डयन नियम (सीएआर) 1994 के नियम 41(3) के अनुसार कोई भी चालक दल सदस्य उपवास के दौरान चालक दल के सदस्य के रूप में अपने लाइसेंस के विशेषाधिकारों का प्रयोग नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications