पाकिस्तान: उत्तरी वजीरिस्तान में मजदूरों को ले जा रही बस में भीषण बम ब्लास्ट, कई लोगों के मारे जाने की आशंका
Pakistan North Waziristan explosion: पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में मजदूरों को ले जा रही एक बस में भीषण बम धमाका हुआ है, जिसमें कई मजदूरों के मारे जाने की रिपोर्ट आ रही है। पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, ये धमाका काफी भीषण था और कई लोगों की मौत हो चुकी है। बस में ये बम धमाका उत्तरी वजीरिस्तान के शवाल इलाके में देर रात हुई है।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय डिप्टी कमिश्नर रेहान गुल ने पुष्टि की है, उत्तरी वजीरिस्तान के शवाल इलाके में एक विस्फोट में कई लोग मारे गए हैं।

वहीं, इंस्पेक्टर अबरार ने डॉन को बताया, कि यह घटना शनिवार रात को हुई, जब करीब 15 से 20 की तादाद में मजदूर एक वाहन में उत्तरी वजीरिस्तान के शवाल इलाके से दक्षिण वजीरिस्तान जा रहे थे। हालांकि, डीसी रेहान गुल ने मरने वालों की कुल संख्या नहीं बताई।
लेकिन, कुछ पुलिस अधिकारियों ने कहा है, कि मजदूरों को ले जा रहा एक निजी वाहन गुल मीर कोर इलाके में एक बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसमें 11 मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायलों और मृतकों के शवों को अस्पताल ले जाया गया। डॉन ने सूत्रों के हवाले से लिखा है, कि बस में कुल 16 मजदूर सवार थे, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
आपको बता दें, कि उत्तरी वजीरिस्तान, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आता है, जहां लगातार आतंकी हमले होते रहते हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार, गुल मीर कोट के पास हुए विस्फोट से वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया। मौतों के अलावा, दो अन्य को गंभीर चोटें आईं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। विस्फोट के बाद तीन लोग लापता भी हो गए हैं।
पाकिस्तान की पुलिस ने फिलहाल ये नहीं बताया है, कि बस में हुए बम धमाके में आतंकियों का हाथ है या नहीं। पुलिस ने कहा है, कि वो आगे की जांच कर रही है, लेकिन कई सूत्रों का कहना है, कि बम धमाके के पीछे आतंकियों का हाथ हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications