Pakistan: चुनावी रैली में असली शेर और बाघ लेकर पहुंच गया समर्थक, नवाज शरीफ ने वापस लौटाया
पाकिस्तान में अगले महीने 8 फरवरी को चुनाव होने वाले हैं। इसके लिए सभी पार्टियां चुनाव प्रचार कर रही हैं। इसी दौरान पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की रैली में एक समर्थक असली शेर और बाघ लेकर पहुंच गया। हालांकि नवाज शरीफ के निर्देश पर तुरंत उन जानवरों को वापस भेज दिया गया।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना सोमवार की है। नवाज शरीफ की पार्टी PMN-L का चुनाव चिन्ह टाइगर है। ऐसे में पार्टी के प्रतीक का प्रतिनिधित्व करने वाले जानवरों को तीन बार के पूर्व प्रधान मंत्री के स्वागत के लिए एनए-130 निर्वाचन क्षेत्र में स्थापित शिविरों में लाया गया था।

लेकिन जैसे ही नवाज शरीफ को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने फौरन इसे वापस भेजने को कहा। बाद में पार्टी प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मरियम नवाज ने सोशल मीडिया पोस्ट पर पोस्ट कर समर्थकों से इस तरह की हरकतें न करने की अपील की।
वहीं, पीएमएल-एन नेता मरियम औरंगजेब ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो के निर्देश पर "पीएमएल-एन रैली के लिए उनके एक समर्थक द्वारा लाया गया असली शेर वापस कर दिया गया है"। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "नवाज शरीफ ने निर्देश दिया है कि पाकिस्तान की किसी भी रैली में कोई असली शेर या कोई अन्य जानवर नहीं लाया जाना चाहिए।"
इससे पहले रैली में आए शेर-बाघ के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी ली। रैली में लाया गया टाइगर लोहे के पिंजरे में कैद था। लेकिन, इसको देखने के लिए भीड़ जुटने लगी। आपको बता दें कि नवाज शरीफ जब भी किसी रैली में जाते हैं तो अकसर उनके समर्थक 'देखो...देखो कौन आया...शेर आया-शेर आया' के नारे लगाते हैं।
इससे पहले भी कई बार नवाज शरीफ के समर्थक उनकी रैली में शेर लेकर पहुंच चुके हैं। आपको बता दें कि पाकिस्तान में आम लोग भी जंगली जानवर रख सकते हैं। हालांकि इसके लिए काफी कड़ी शर्तें हैं लेकिन पाकिस्तान में उन शर्तों का ठीक से पालन नहीं किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications