पेट्रोल की कीमत में रिकॉर्ड इजाफे से कराह उठा पाकिस्तान, एक झटके में बढ़ाए गये 26 रुपये दाम, अवाम हलकान
Pakistan Petrol Prince: आर्थिक संकट के बीच पाकिस्तान की अवाम घुट-घुटकर जीने को मजबूर है और उस देश की हालत क्या होगी, उसका अंदाजा लगाया जा सकता है, जहां पेट्रोल की कीमत करीब साढ़े 3 सौ रुपये प्रति लीटर होने वाली है।
पाकिस्तान की केयरटेकर सरकार ने सत्ता में आने के बाद से पेट्रोल की कीमत में एक बार फिर से भारी इजाफा किया है और शुक्रवार को पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में 26.02 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जबकि हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) के टैरिफ में 17.34 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में 'आग'
पाकिस्तान के वित्त मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, कि "अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण सरकार ने मौजूदा उपभोक्ता कीमतों को संशोधित करने का फैसला किया है।"
इस बढ़ोतरी के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल की नई कीमत 331.38 रुपये प्रति लीटर की ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई है, जबकि एचएसडी 329.18 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध है। नई कीमतें 16 सितंबर की आधी रात से प्रभावी हो गईं हैं।
आपको बता दें, कि पाकिस्तान की कार्यवाहक सरकार ने हाल ही में पेट्रोल और डीजल दोनों के लिए कीमतों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी, जिससे देश के इतिहास में पहली बार पेट्रोल की कीमतें 300 रुपये प्रति लीटर की ऐतिहासिक सीमा को पार कर गई थी।
इस नई वृद्धि से उन नागरिकों पर और बोझ पढ़ेगा, जो पहले से ही चल रही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, जिनमें बढ़ती मुद्रास्फीति, डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्यह्रास, उपयोगिता बिलों में वृद्धि और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतें शामिल हैं।
फिलहाल, मिट्टी के तेल और हल्के डीजल तेल (एलडीओ) की कीमतों की घोषणा नहीं की गई, लेकिन आशंका है, कि उनकी कीमतों में भी जल्द ही इजाफा हो सकता है।
डीजल का व्यापक रूप से परिवहन और कृषि क्षेत्रों में उपयोग किया जाता है, और इसलिए, इसकी कीमत में किसी भी वृद्धि से बड़े पैमाने पर महंगाई पर प्रभाव पड़ता है।
मिट्टी के तेल का उपयोग दूरदराज के इलाकों में खाना पकाने के लिए अभी भी किया जाता है, खासकर देश के उत्तरी हिस्सों में जहां खाना पकाने के लिए एलपीजी उपलब्ध नहीं है। इन क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना भी इसकी प्रमुख उपयोगकर्ता है।












Click it and Unblock the Notifications