लाहौर से नवाज शरीफ का परिवार लड़ेगा चुनाव, इमरान खान की राजनीति खत्म! पाकिस्तान में चुनावी सरगर्मी तेज
Pakistan Election 2024: द न्यूज ने शनिवार को बताया है, कि पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) द्वारा आम चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा के बाद, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की तरफ से संभावना जताई गई है, कि आगामी चुनावों के लिए अगले हफ्ते तक अपने सभी उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
अब तक, किसी भी राजनीतिक दल ने 8 फरवरी 2024 को होने वाले संसदीय और चारों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची की घोषणा नहीं की है।

नवाज शरीफ की पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, पीएमएल-एन ने उम्मीदवारों को चुनने के लिए 70% से ज्यादा निर्वाचन क्षेत्रों पर अपना काम पूरा कर लिया है। इसलिए, टिकट धारकों के पहले बैच की सूची कल (रविवार) सार्वजनिक की जा सकती है। पार्टी के संसदीय बोर्ड ने विभिन्न क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए 10 बैठकें कीं हैं और उम्मीद है, कि यह काम सोमवार (18 दिसंबर) तक पूरा हो जाएगा।
पाकिस्तान में चुनावी हलचल तेज
बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी), जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम फजल (जेयूआई-एफ), मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी), ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस (जीडीए), अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी), बलूचिस्तान अवामी पार्टी ( बीएपी) और अलग अलग क्षेत्रीय दल अगले सप्ताह के मध्य में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे।
फिलहाल, अलग अलग गठबंधन बन रहे हैं और सीटों के बंटवारे को लेकर बातें चल रही हैं। जबकि, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का भाग्य अभी भी अधर में लटका हुआ है, और इलेक्शन कमीशन सोमवार को पीटीआई के चुनाव लड़ने को लेकर अपना फैसला सुना सकती है।
वहीं, फिलहाल यह संकेत मिल रहे हैं, कि पीएमएल-एन से संबंधित दो पूर्व प्रधान मंत्री - नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ - लाहौर से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, नवाज शरीफ की ही पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री रह चुके शाहिद खाकन अब्बासी, जो मुरी के रहने वाले हैं, लेकिन पिछली बार लाहौर से चुने गए थे, उन्होंने आगामी चुनाव नहीं लड़ने का विकल्प चुना है।
पीपीपी के दो पूर्व प्रधान मंत्री, सैयद यूसुफ रजा गिलानी और राजा परवेज अशरफ, क्रमशः मुल्तान और गुजर खान से चुनाव लड़ेंगे।

पीएमएल-एन की मुख्य आयोजक मरियम नवाज लाहौर और कराची से चुनाव लड़ेंगी, जबकि पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी कराची और लरकाना से उम्मीदवार होंगे। पूर्व राष्ट्रपति और पीपीपी के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी नवाबशाह से अपनी किस्मत आजमाएंगे।
मौलाना फजलुर रहमान डेरा इस्माइल खान से चुनाव लड़ेंगे तो जमात ए इस्लामी के अमीर सिराज-उल-हक पेशावर से चुनाव लड़ेंगे।
आपको बता दें, कि सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद पाकिस्तान में चुनावी कार्यक्रम का ऐलान हो गया है और 8 फरवरी को संसदीय चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। वहीं, करीब करीब तय हो गया है, कि इमरान खान चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications