पाक को योग गुरुओं से भी परहेज, नहीं दिया वीजा
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) हालांकि भारत पाकिस्तान से संबंधों को सुधारने की बार-बार कोशिश करता है, पर उसका रुख हमेशा निराश करने वाला रहता है। अब उसने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर इस्लामाबाद के भारतीय उच्चायोग में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जाने वाले कुछ योग गुरुओं को अपने यहां आने का वीजा नहीं दिया।
योग गुरु
ये योग गुरु वहां पर 21 जून को भारतीय उच्चायोग में काम करने वाले स्टाफ को योग का पाठ पढ़ाने के लिए इस्लामाबाद जाने वाले थे। बता दें कि 21 जून को सभी भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों में योग दिवस बड़े जोर-शोर से मनाया जाएगा। इस बाबत तैयारियां चल रही हैं।
विदेश मंत्रालय में निवेदन
इसी क्रम में भारतीय उच्चायोग ने इस्लामाबद में भी योग टीचर भेजने का विदेश मंत्रालय में निवेदन किया था। मंत्रालय ने इस बाबत व्यवस्था की, पर पाकिस्तान ने वीजा देने से मना कर दिया।
बदला लिया
अब खबर है कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के कुछ स्टाफ मेंबर ही 21 जून को योग क्रियाएं करवाएँगे बाकी स्टाफ को। हो सकता है कि उसमें कुछ पाकिस्तानी भी शामिल हो जाएं। हालांकि कहने वाले कह रहे हैं कि भारत ने हाल ही में पाकिस्तान के व्यापारियों की एक टोली को नई दिल्ली जाने का वीजा नहीं दिया था। पाकिस्तान का उक्त कदम उसके जवाब में है।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 21 जून को कई केन्द्रीय मंत्री और सरकार के कई आला अफसर भी राजपथ पर योग करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ बाबा रामदेव के अलावा जानी-माने योग साधकों, साधुओं, धार्मिक नेताओं और विभिन्नक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों के भी योग दिवस पर योग करने की उम्मीद है।













Click it and Unblock the Notifications