पैगंबर पर टिप्पणी करने वाले भाजपा विधायक टी राजा पर भड़का पाकिस्तान, मोदी सरकार से की ये अपील
पाकिस्तान ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी के निलंबित विधायक टी. राजा सिंह की बुधवार को निंदा की।
इस्लामाबाद, 24 अगस्तः पाकिस्तान ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी के निलंबित विधायक टी. राजा सिंह की बुधवार को निंदा की। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारत सरकार से भाजपा नेताओं द्वारा मुसलमानों को आहत करने वाली ऐसी बार-बार की आपत्तिजनक टिप्पणियों को रोकने के लिए निर्णायक कार्रवाई करने का मांग की है।

पाकिस्तानियों की भावनाएं हुईं आहत
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि बीते तीन महीने में यह दूसरी बार है जब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा पैगंबर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई है। कार्यालय ने कहा, ''इन अति अपमानजनक टिप्पणियों से पाकिस्तान के लोगों समेत पूरी दुनिया के करोड़ों मुस्लिमों की भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं।''

भाजपा से एक्शन लेने की मांग
बयान में यह भी कहा गया कि भाजपा द्वारा राजा सिंह के खिलाफ की गई ''प्रतीकात्मक और हल्की अनुशासनात्मक कार्रवाई'' भारत और पूरी दुनिया के मुसलमानों की पीड़ा और आक्रोश को शांत नहीं कर सकती। पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि सिंह को कुछ घंटों के भीतर ही जमानत पर रिहा कर दिया गया। पाकिस्तान ने इसके साथ ही भारत सरकार से तत्काल और निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की।

धार्मिक बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं टी राजा
अपनी कट्टर धार्मिक बयानबाजी के लिए जाने जाने वाले टी राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को पैगंबर पर उनकी कथित टिप्पणी को लेकर गिरफ्तार किया था। इसके बाद भाजपा ने पार्टी संविधान का 'उल्लंघन' करने के आरोप में सिंह को निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। हैदराबाद की गोशामहल सीट से विधायक टी राजा सिंह को तेलंगाना में बीजेपी का फायरब्रांड नेता माना जाता है।

सोमवारो को जारी किया वीडियो
टी राजा सिंह ने बीते सोमवार सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उन्होंने पैगंबर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। दस मिनट लंबे इस वीडियो में वह चर्चित स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के विरूद्ध भी आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की थी।

नूपुर शर्मा की टिप्पणी पर भी हुआ था बवाल
असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस मामले में विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि बीजेपी विधायक ने जान-बूझकर ये बयान दिया है। इससे पहले पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी के बाद नूपुर शर्मा को बीजेपी ने सस्पेंड कर दिया था। उनके खिलाफ देशभर में 10 केस दर्ज किए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications