पाकिस्तान के 'आजम खान': कमिश्नर का कुत्ता गुम होने पर लाउडस्पीकर पर ऐलान, चल रहा है सर्च अभियान
पाकिस्तान में कमिश्नर का कुत्ता गुम होने के बाद बहुत बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और पुलिस के अधिकारी घर घर जाकर कुत्ते की तलाश कर रहे हैं।
इस्लामाबाद, जुलाई 28: भारत हो या पाकिस्तान, सरकारी अधिकारी और नेता अपनी मर्जी से ही अपना शासन चलाते हैं। आपको याद होगा कि आजम खान का भैंस गुम होने पर एक वक्त उत्तर प्रदेश की पुलिस ने किस तरह से सर्च अभियान चलाया था और घर घर जाकर तलाशी ली गई थी। ठीक ऐसा ही कुछ पाकिस्तान में भी हुआ है, जब एक कमिश्नर का कुत्ता गुम होने के बाद बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है और पाकिस्तान में कमिश्नर का कुत्ता गुम हो गया है, ये नेशनल मीडिया की हेडलाइंस बनी हुई है।

कमिश्नर का कुत्ता गुम
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक गुजरांवाला पुलिस कमिश्नर जुल्फिकार घुमन का पालतू कुत्ता मंगलवार को उनके आधिकारिक आवास से लापता हो गया, जिसके बाद पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पाकिस्तानी अखबार द डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक जब कमिश्नर ने अपने कुत्ते के गुम होने की जानकारी नगर निगम को दी, तो नगर निगम में अफरातफरी मच गई और नगर निगम के अधिकारी पुलिस के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाने लगे। वहीं, कुत्ते के गुम होने की पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
Recommended Video

घर-घर तलाशी अभियान
डॉन ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि कुछ देर तक गेट खुला रहने के बाद कुत्ता घर से भाग गया और फिर वो गुम हो गया है। जिसके बाद गुजरांवाला की पूरी मशीनरी कुत्ते की तलाश में जुटी हुई है। नगर निगम के अधिकारी बकायदा टेम्पो और रिक्शों के जरिए कुत्ते के गायब होने का ऐलान करवा रहे हैं और खुद पुलिस एसपी कुत्ते को खोजने के लिए बनाई गई टीम को लीड कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि गुजरांवाला के हर एक गली, हर एक रास्ते पर तलाशी लेने के आदेश दिए गये हैं और एसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि किसी भी कीमत पर कमिश्नर का कुत्ता मिलना ही चाहिए।
कुत्ता गुम होने से दुखी कमिश्नर
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को उनके काम से हटाकर कुत्ता खोजने के काम में लगा दिया गया है और दर्जनों पुलिस अधिकारी और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी कुत्ते की तलाश में जुटे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कुत्ता गुम होने के बाद गुजरांवाला के कमिश्नर काफी दुखी हैं और उन्होंने तमाम अधिकारियों को किसी भी कीमत पर कुत्ता खोजकर लाने के आदेश दिए हैं। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पुलिस कमिश्नर के इस कुत्ते की कीमत करीब 4 लाख पाकिस्तानी रुपये है और कुत्ता गुम होने के बाद कमिश्नर आवास में तैनात तमाम कर्मचारियों और पुलिसवालों को जमकर फटकार लगाई गई है।

कमिश्नर की आलोचना
पाकिस्तान में अब गुजरांवाला जुल्फिकार अहमद घुमन की काफी आलोचना की जा रही है। लोगों का कहना है कि पाकिस्तान में आदमी गुम हो जाते हैं और पुलिस सालों कर उन्हें खोज नहीं पाती है, यहां एक कुत्ता गायब होने के बाद इतनी अफरातफरी मची हुई है। लोगों का कहना है कि पाकिस्तान में सरकार को लोगों की कद्र नहीं है, लेकिन क्या कुत्ते का महत्व इंसानी जान से ज्यादा हो चुका है। वहीं, जब पाकिस्तान की मीडिया में कमिश्नर की जमकर आलोचना होनी शुरू हो गई तो लाउडस्पीकर को हटा दिया गया है, लेकिन अभी भी दर्जनों सरकारी अधिकारी और कर्मचारी कुत्ते की तलाश कर रहे हैं। (फाइल)












Click it and Unblock the Notifications