UAE में आखिरी सांसें गिन रहे हैं परवेज मुशर्रफ, गुपचुप मिलने पहुंचे जनरल बाजवा, किस बात का डर?
10 जून को परवेज मुशर्रफ के परिवार ने उनकी स्थिति के बारे में एक बयान में कहा कि, 'वह वेंटिलेटर पर नहीं हैं। अपनी बीमारी (एमाइलॉयडोसिस) की जटिलता के कारण पिछले 3 हफ्ते से अस्पताल में भर्ती हैं'।
दुबई, जून 26: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने हाल ही में दुबई में बीमार पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व सेना प्रमुख जनरल परवेज मुशर्रफ से मुलाकात की है, लेकिन इस मुलाकात को काफी गुप्त रखा है, जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं, कि आखिर जनरल बाजवा ने मुशर्रफ से चोरी- छिपे मुलाकात क्यों की है?

मुशर्रफ से मिले जनरल बाजवा
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनरल बाजवा, पाकिस्तानी सेना के शीर्ष चिकित्सकों के साथ, जनरल मुशर्रफ और उनके परिवार के साथ दुबई में उनके अपार्टमेंट में कुछ समय बिताया। पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि, पाकिस्तानी सेना के डॉक्टरों ने 78 साल के पूर्व पाकिस्तानी जनरल के स्वास्थ्य की जांच की और इस दौरान जनरल बाजवा भी मौजूद थे। पाकिस्तान के पूर्व सैन्य शासक को 2018 में संयुक्त अरब अमीरात में अमाइलॉइडोसिस नामक जानलेवा स्वास्थ्य स्थिति का पता चला था और पिछले दिनों खबर आई थी, कि जनरल परवेज मुशर्रफ गंभीर बीमार हैं।

एमाइलॉयडोसिस से जूझ रहे मुशर्रफ
इसी महीने 10 जून को परवेज मुशर्रफ के परिवार ने उनकी स्थिति के बारे में एक बयान में कहा कि, 'वह वेंटिलेटर पर नहीं हैं। अपनी बीमारी (एमाइलॉयडोसिस) की जटिलता के कारण पिछले 3 हफ्ते से अस्पताल में भर्ती हैं'। परिवार की तरफ से जारी बयान में कहा गया था कि, मुशर्रफ अब जिस स्थिति से गुजर रहे हैं, वहां से उनकी वापसी संभव नहीं है और उनके अंग खराब हो रहे हैं। कृपया, उनके जीवन के लिए प्रार्थना करें'। वहीं, परवेज मुशर्रफ के निधन को लेकर भी अफवाहें उड़ी थी, जिसके बाद उनके परिवार ने बयान जारी किया था।

पाकिस्तानी सेना ने नहीं जारी किया बयान
पूर्व सैन्य शासक के परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, 'जनरल मुशर्रफ और उनके परिवार ने सेनाध्यक्ष बाजवा को बहुत खुशी के साथ स्वागत किया', हालांकि, पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग से सीओएएस की दुबई यात्रा पर कोई आधिकारिक शब्द बयान जारी नहीं किया और ना ही इस मुलाकात के बारे में ही कुछ बताया। 2016 से दुबई में स्व-निर्वासन में रह रहे मुशर्रफ के परिवार ने अभी तक उन्हें वापस पाकिस्तान ले जाने का मन नहीं बनाया है। इस सप्ताह की शुरुआत में, मुशर्रफ के परिवार ने पाकिस्तान में सही इलाज नहीं मिलने और सही दवाईयां नहीं मिलने की बात कहकर पाकिस्तान आने की संभावनाओं को खारिज कर दिया था।

मुशर्रफ को थी पाकिस्तान आने की इच्छा
14 जून को पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया था कि, निर्वासित जनरल, जिन्होंने 1999 में पाकिस्तान सरकार का तख्तापलट कर दिया था और सत्ता पर कब्जा कर लिया था, और जो 2001 से 2008 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति थे, उन्होंने अपना बाकी जीवन पाकिस्तान में बिताने की इच्छा व्यक्त की थी। उसके करीबी सहयोगियों ने बाद में औपचारिक अनुरोध करने के लिए "शक्तिशाली तबकों" और सरकारी अधिकारियों से संपर्क किया था। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने कहा था, कि उसे मुशर्रफ के पाकिस्तान लौटने से एतराज नहीं है, लेकिन बाद में परिवार ने पाकिस्तान आने की खबरों का खंडन कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications