नीदरलैंड में इस्लाम विरोधी गीर्ट वाइल्डर्स का समर्थन करने से घबरा रही दूसरी पार्टियां, क्या बन पाएंगे PM?
नीदरलैंड में बीते सप्ताह हुए चुनावों में सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाले धुर-दक्षिणपंथी नेता गीर्ट वाइल्डर्स ने देश का पीएम बनने का ऐलान किया है। उन्होंने दावा किया कि 2-3 दिनों के भीतर ही वो नीदरलैंड के प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
गीर्ट वाइल्डर्स की देश में छवि इस्लाम और आप्रावासी मुद्दे को लेकर बेहद कट्टरपंथी रुख वाली रही है। ऐसे में उनकी फ्रीडम पार्टी (PVV) का समर्थन करने से बाकी दल कतरा रहे हैं। इसे लेकर वाइल्डर्स ने निराशा जताई।

हालांकि सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सत्ता हासिल करने के लिए जरूरत पड़ी तो वे अपने पदों को संतुलित करके गठबंधन की सरकार बनाएंगे। वाइल्डर्स ने लिखा, "आज, कल या परसों, PVV सरकार का हिस्सा होगी और मैं इस खूबसूरत देश का प्रधानमंत्री बनूंगा।"
नीदरलैंड में 22 नवंबर को हुए चुनाव में वाइल्डर्स की पार्टी को सबसे अधिक मत जरूर मिला है मगर उनकी पार्टी को डच संसद में केवल 25 प्रतिशत सीटें मिल पाई हैं, जो कि सरकार बनाने के लिए अपर्याप्त है। इसका मतलब है कि सरकार बनाने के लिए उन्हें कम से कम दो और उदारवादी दलों के साथ सहयोग करना होगा।
नीदरलैंड्स की संसद में 150 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए पीवीवी को 76 सांसदों का समर्थन चाहिए होगा। गीर्ट वाइल्डर्स की पार्टी PVV के पास 37 सीटें हैं। कई पार्टियों ने गीर्ट वाइल्डर्स के साथ सरकार में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री मार्क रुटे की रूढ़िवादी VVD पार्टी, जो आप्रवासन मुद्दे पर वाइल्डर्स के कई विचारों को साझा करती है, ने कहा कि वह उनके साथ कैबिनेट में भाग नहीं लेगी।
इस पर वाइल्डर्स ने कहा कि रूटे सोचते हैं कि वो PVV को हाशिए पर धकेल सकते हैं। उन्होंने मेरी पार्टी को आखिरी सीट तक खत्म करने की कोशिश की। लेकिन वे भूल गए कि मैं हमेशा आगे बढ़ता रहता हूं, कभी हार नहीं मानता और असफलताएं ही मुझे मजबूत बनाती हैं।
हालांकि पीएम की पार्टी के VVD के नए नेता, डिलन येसिलगोज ने वाइल्डर्स सरकार को बाहर से समर्थन देने की पेशकश से इनकार नहीं किया है। VVD की पार्टी वामपंथी गठनबंधन के बाद तीसरे नंबर पर है।
पीटर ओमटज़िग्ट, जो मध्यमार्गी सुधार NSC पार्टी का नेतृत्व करते हैं, उन्हें गीर्ट वाइल्डर्स सरकार में संभावित भागीदार के रूप में देखा जा रहा है। NSC पार्टी है, जो चौथे नंबर पर है। ओमटजिग्ट ने चुनाव से पहले कहा था कि वे गीर्ट वाइल्डर्स के साथ काम नहीं करेंगे मगर अब उनका कहना है कि वो अपने मतदाताओं के भरोसे को काम में बदलने के लिए तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications