अमेरिका में कानून बना 'One Big Beautiful' बिल, पैसे भेजने से निवेश करने तक, भारतीयों पर क्या होगा असर?
One Big Beautiful Bill: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (04 जुलाई) देर रात व्हाइट हाउस में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान 'वन बिग ब्यूटीफुल' बिल पर हस्ताक्षर कर दिए, जिससे यह विधेयक अब कानून बन गया है। टैक्स में बड़ी राहत और सरकारी खर्च में कटौती से जुड़े इस कानून को ट्रंप प्रशासन की आर्थिक नीति की एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत वाले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने इसे 218-214 के करीबी अंतर से मंजूरी दी थी। ट्रंप ने इस मौके पर कहा कि यह कानून अमेरिका की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और आम टैक्सपेयर्स को राहत पहुंचाएगा। ट्रंप ने इस बिल को अमेरिका के लिए "सबसे बड़ा तोहफा" बताया है। ट्रंप ने कहा, 'मैंने कभी देशभर के लोगों को इतना खुश नहीं देखा क्योंकि कई अलग-अलग वर्गों के लोग अब सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।'

क्या है इस 'बिग ब्यूटीफुल बिल' में?
'वन बिग ब्यूटीफुल' कानून में कई अहम प्रावधान शामिल हैं, जैसे- टैक्स में कटौती, सेना और रक्षा क्षेत्र के लिए बढ़ा हुआ बजट, ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त खर्च, और स्वास्थ्य व पोषण संबंधी योजनाओं में कटौती। यह कानून अवैध प्रवासियों के बड़े पैमाने पर निर्वासन (डिपोर्टेशन) के लिए बजट बढ़ाने से भी जुड़ा हुआ है।
हालांकि कानून से जुड़ी पूरी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम मिडिल क्लास को राहत देगा, छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करेगा और समग्र आर्थिक विकास में तेजी लाएगा।
इस कानून के जरिए
- ट्रंप के पहले कार्यकाल की टैक्स छूट को आगे बढ़ा दिया गया है।
- मेडिकेड (स्वास्थ्य योजना) और फूड स्टैम्प्स (खाद्य सहायता) में 1.2 ट्रिलियन डॉलर की कटौती की गई है।
- इमिग्रेशन (प्रवासन) के नियमों को कड़ा किया गया है और बड़े पैमाने पर निर्वासन (डिपोर्टेशन) की तैयारी की गई है।
- करीब 12 मिलियन लोग (1.2 करोड़) अपनी स्वास्थ्य बीमा योजना गंवा सकते हैं।
भारतीयों पर इस 'बिग ब्यूटीफुल' बिल का क्या असर होगा?
भारत पैसे भेजना हुआ थोड़ा महंगा
हिन्दुस्ताइम टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका से भारत या किसी अन्य देश में पैसा भेजने पर 1% टैक्स लगेगा (पहले प्रस्तावित 5% से कम)। यह नियम 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। एनआरआई जो बार-बार या बड़ी रकम भेजते हैं, उन्हें अपनी योजना दोबारा सोचनी पड़ सकती है।
विदेशी आय पर कोई बदलाव नहीं
विदेश में प्रॉपर्टी या किराए से कमाई (Foreign Rental Income) पर मौजूदा टैक्स नियम ही लागू रहेंगे। भारत में टैक्स देने पर अमेरिका में उसका क्रेडिट मिलेगा, यानी डबल टैक्स से राहत जारी रहेगी।
बॉर्डर पार करने वालों पर सख्ती
ट्रंप की योजना है कि अब तक की सबसे बड़ी निर्वासन कार्रवाई (Deportation Operation) की जाए। अनुमान है कि करीब 18,000 भारतीय नागरिक अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुए हैं। अमेरिका अब कड़े बॉर्डर नियम, सुरक्षा बजट में वृद्धि और मानव तस्करी पर लगाम लगाने की तैयारी में है।
कानूनी रूप से रहने की फीस भी बढ़ सकती है!
- एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक वर्क परमिट, शरण (Asylum), टेम्परेरी स्टेटस जैसी योजनाओं के लिए फीस बढ़ा दी गई है,
- शरण के लिए - कम से कम $100
- वर्क परमिट - $550
- टेम्परेरी प्रोटेक्टेड स्टेटस - $500
- ह्यूमैनिटेरियन पैरोल - $1000
- बॉर्डर से गैरकानूनी एंट्री पर $5,000 जुर्माना।
- कम आय वाले लोगों को कोई फीस माफी नहीं मिलेगी।
ट्रंप के इस कानून से अमेरिका में रह रहे भारतीयों और एनआरआई पर सीधा असर पड़ने वाला है। पैसा भेजना थोड़ा महंगा होगा, कानूनी स्टे और वीजe फीस बढ़ेगी, और अवैध प्रवासियों पर सख्ती बढ़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications