कार में घर का बैकग्राउंड बनाकर सीनेटर कर रहे थे Zoom मीटिंग, हुआ खुलासा तो मिली सजा
ओहायो के स्टेट सिनेटर एंड्रयू ब्रेनर मीटिंग के दौरान कार चला रहे थे जबकि ऐसा लग रहा था कि वो अपने घर में मौजूद हैं और घर से ही मीटिंग में शामिल हैं।
कोलंबस/ओहायो, मई 08: कोरोना वायरस की वजह से पूरी दुनिया में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है और इस वक्त मीटिंग करने के लिए जूम का खूब इस्तेमाल किया जाता है। मगर, जूम मीटिंग में शामिल होने वालों ने कई बार ऐसी गलतियां की हैं, जिनकी वजह से या तो उनकी किरकिरी हुई है या फिर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। ओहायो के एक सीनेटर ने भी जूम मीटिंग के दौरान जानलेवा लापरवाही बरती है, जिसके लिए उन्हें बकायदा सजा सुनाई गई है।

कार में बनाया घर का बैकग्राउंड
ओहायो गणराज्य के एक सीनेटर ने जूम मीटिंग के करने के लिए अपने कार के अंदर ही घर का बैकग्राउंड बना दिया और कार चलाते वक्त वो जूम मीटिंग किया करते थे। जिसका अब खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक ओहायो के सीनेटर ने कार के अंदर ऐसा डिजाइन बनवाया ताकि देखने वालों को लगे कि वो घर से जूम मीटिंग में शामिल हो रहे हैं। जबकि वो मीटिंग के दौरान कार ड्राइव किया करते थे। ओहायो के इस सीनेटर का नाम है एंड्रयू ब्रेनर। जिन्होंने जूम मीटिंग के दौरान कानून को तोड़ा है।
सीट बेल्ट से हुआ खुलासा
ओहायो के स्टेट सिनेटर एंड्रयू ब्रेनर मीटिंग के दौरान कार चला रहे थे जबकि ऐसा लग रहा था कि वो अपने घर में मौजूद हैं और घर से ही मीटिंग में शामिल हैं। जूम मीटिंग के फूटेज में दिख रहा है कि एंड्रयू ब्रेनर बार बार अगल बगल झांक रहे हैं और सामने कम देख रहे हैं। एंड्रयू ब्रेनर के इस बर्ताव को सार्वजनिक किया गया है। इस मीटिंग के दौरान पहले किसी ने उनकी तरफ ध्यान नहीं दिया। लेकिन, बाद में सबने उनके ऊपर ध्यान देना शुरू किया और देखा कि वो मीटिंग के दौरान सीट बेल्ट पहने हुए हैं। घर में बैठकर कोई भला सीट बेल्ट क्यों और कैसे लगाएगा। लिहाजा सीनेटर एंड्रयू ब्रेनर से सबने इस बाबत सवाल पूछना शुरू कर दिया और एंड्रयू ब्रेनर यहां फंस गये। इस वीडियो फूटेज में बैकग्राउंड में कई बार रास्ते भी दिखाई दे रहे हैं, लिहाजा एंड्रयू ब्रेनर ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल पाए और उनका पोल खुल गया।

लगाया गया प्रतिबंध
एंड्रयू ब्रेनर रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर हैं, जिनके ऊपर जूम मीटिंग के दौरान नियम तोड़ने और पब्लिक सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने के लिए बैन लगा दिया गया है। वहीं, पकड़े जाने के बाद एंड्रयू ब्रेनर ने कहा कि 'उनका ध्यान पूरी तरह से मीटिंग पर था और उनका ध्यान बिल्कुल भी नहीं भटक रहा था' उन्होंने आगे कहा कि 'मैं मीटिंग पर भी ध्यान दे रहा था और गाड़ी भी चला रहा था।' स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक एंड्रयू ब्रेनर ने कहा कि 'गाड़ी चलाते वक्त भी मेरे पास कई फोन कॉल्स आते रहते हैं और मुझे उन फोन कॉल्स को पिक करना पड़ता है लेकिन वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मैं वीडियो पर ध्यान नहीं दे रहा था और मेरा पूरा ध्यान ऑडियो पर था। और जूम मीटिंग मेरे लिए एक फोन कॉल के मुताबिक ही थी।' एंड्रयू ब्रेनर ने अपनी सफाई जरूर दी है मगर सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है और लोग उन्हें असुरक्षित गाड़ी चलाने के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मीटिंग पर ध्यान होने की वजह से उनकी गाड़ी किसी और गाड़ी से टकरा सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।












Click it and Unblock the Notifications