'परमाणु युद्ध की स्थिति में भूलकर भी ना लगाएं बालों में कंडीशनर...', अमेरिकी सरकार ने क्यों दी ये सलाह
'परमाणु युद्ध की स्थिति में भूलकर भी ना लगाएं बालों में कंडीशनर...', अमेरिकी सरकार ने क्यों दी ये सलाह
नई दिल्ली, 23 सितंबर: रूस और यूक्रेन में महीनों से जंग जारी है। रूस परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने को तैयार है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, यह कोई झांसा नहीं है, वह यूक्रेन के खिलाफ जारी युद्ध में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेंगे। इसी बीच अमेरिका ने परमाणु विस्फोट के मामले में नागरिकों के लिए क्या करें और क्या न करें का निर्देश जारी किया है। अमेरिका ने कहा है कि परमाणु युद्ध की स्थिति में अपने बालों पर भूलकर भी कंडीशनर ना लगाएं। अमेरिकी सरकार ने इस बात पर खास जोर दिया है और कहा है कि परमाणु हथियारों के उपयोग होने वाले दिन हेयर कंडीशनर का उपयोग नहीं करें। आइए जानें अमेरिका ने ऐसा क्यों कहा?

परमाणु युद्ध की स्थिति क्या करें, क्या न करें?
अमेरिका ने कहा कि अगर परमाणु बम विस्फोट करता है, तो रेडियोधर्मी धूल के बादल हवा में भर जाते हैं। ऐसे में आप सुनिश्चित करें कि आप जितनी जल्दी हो सके नहा लें। अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने कहा है कि परमाणु बम विस्फोट के बाद जितनी जल्दी हो नहा लें, गंदे कपड़े ना पहनें या उन्हें तुरंत बदल लें।

परमाणु युद्ध की स्थिति में बालों में क्यों न लगाएं कंडीशनर?
अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने कहा नहाते वक्त आप शैम्पू का उपयोग करें क्योंकि यह आपके बालों में तेल और गंदगी को बाहर निकालता है, शैम्पू को इसी तरह डिडाइन किया गया है। जब आप शैम्पू से बालों को धोते हैं तो किसी भी गंदे कण को वह दूर ले जाते हैं। कंडीशनर में सर्फेक्टेंट भी होते हैं (जो एक छोर पर पानी और दूसरी तरफ तेल को आकर्षित करते हैं), लेकिन उनके अलग-अलग गुण होते हैं।

शैम्पू आपकी जान बचा सकता है लेकिन कंडीशनर घातक हो सकता है
अमेरिका सीडीसी ने कहा, ''एक शैम्पू आपकी जान बचा सकता है, लेकिन एक कंडीशनर घातक हो सकता है। एडवाइजरी के मुताबिक, बालों में ज्यादा रेडिएशन से बचने के लिए कंडीशनर के इस्तेमाल से बचें। कंडीशनर आपके बालों और रेडियोधर्मी सामग्री के बीच गोंद की तरह काम कर सकता है।

आखिर ऐसा क्या होता है हेयर कंडीशनर में?
अमेरिका सीडीसी ने कहा, अधिकत्तर कंडीशनर में "cationic" सर्फेक्टेंट होते हैं, जो सकारात्मक रूप से चार्ज होते हैं। चूंकि बालों के टिश्यू ऋणात्मक रूप से आवेशित होते हैं, इसलिए वे दोनों एक-दूसरे की ओर आकर्षित होते हैं और रेडियोधर्मी धूल के लिए गोंद के रूप में कार्य करते हैं। ये रेडियोधर्मी कण कोशिका क्षति का कारण बन सकते हैं और घातक भी साबित हो सकते हैं।

परमाणु विस्फोट के संपर्क में आने पर क्या करें?
अमेरिका ने कहा, अगर कोई परमाणु विस्फोट के संपर्क में आया है, तो उसे विकिरण से बचने के लिए एक ईंट या कंक्रीट की इमारत के अंदर छिप जाना चाहिए। अमेरिका ने लोगों को अपनी आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने की भी सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications