उत्तर कोरिया अगला परमाणु परीक्षण करने वाला है, सेटेलाइट तस्वीरों के जरिए किया गया दावा
वाशिंंगटन। पिछले महीने पांचवां परमाणु परीक्षण करने वाले उत्तर कोरिया की न्यूक्लियर साइट पर कुछ हलचल देखने को मिली है।

अमेरिका स्थित एक मॉनिटरिंग समूह ने इसकी सेटेलाइट इमेज जारी की हैं। 38 नॉर्थ ग्रुप जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ एडवांस्ड इंटरनेशनल स्टडीज के मुताबिक उत्तर कोरिया ने जिन तीन टनल में परमाणु परीक्षण किया है, वहीं पर कुछ हलचल देखने को मिली है।
इस बात का दावा करने वाले समूह ने बताया कि हो सकता है कि 9 सिंतबर को किए गए पांचवें परमाणु परीक्षण का डाटा एकत्रित करने या फिर अगले परमाणु परीक्षण की तैयारी को लेकर यहां पर लोग इकट्ठा हुए हों ।

समूह ने इस बात की भी आशंका जताई है कि उत्तर कोरिया अक्टूबर माह में अगला परमाणु परीक्षण भी कर सकता है। समूह का मानना है कि यह परमाणु परीक्षण भी जमीन के अंदर ही किया जा सकता है।
उत्तर कोरिया ने पहला परमाणु परीक्षण वर्ष 2006 में किया था। इसके बाद ही संयुक्त राष्ट्र संघ ने उस पर प्रतिबंध लगा दिए थे।
साथ ही दुनिया के देशों को भी हिदायत दी थी कि उत्तर कोरिया के साथ हथियारों को लेकर कोई भी डील न करें।
इस साल की शुरूआत में ही उत्तर कोरिया ने अपना चौथा और पिछले माह पांचवां परमाणु परीक्षण किया था। यह पांचवां परीक्षण उत्तर कोरिया ने देश की स्थापना दिवस के मौके पर किया था।

अमेरिका और दक्षिण कोरिया पहले ही उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रतिबंधों को लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ में अपनी बात रख चुके हैं।
मार्च में ही संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा काउंसिल ने उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए थे।
दक्षिण कोरिया की न्यूज एजेंसी योन्हाप को एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि उत्तर कोरिया के रॉकेट लांच स्टेशन के पास कुछ गतिविधियां देखी गई हैं।

उनके अनुसार हो सकता है पश्चिमी समुद्री तट पर लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली मिसाइल का परीक्षण किया जा सकता है।
पिछले महीने ही उत्तर कोरिया ने यह भी दावा किया था कि उसने सेटेलाइट लांच करने के लिए न्यू रॉकेट इंजन का सफलता पूर्वक परीक्षण किया था। वहीं 1000 किलोमीटर मारक क्षमता वाली तीन मिसाइलों का परीक्षण भी उत्तर कोरिया ने किया था।












Click it and Unblock the Notifications