नॉर्थ कोरिया ने अमेरिका को दी साल की अंतिम धमकी, कहा- 2018 में भी मिसाइल लॉन्च करते रहेंगे
प्योंगयांग। नॉर्थ कोरिया अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम को अगले साल 2018 में भी जारी रखेगा। नॉर्थ कोरियाई सरकार के मुखपत्र केसीएनए न्यूज एजेंसी ने शनिवार को एक रिपोर्ट जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि अगले साल भी उनकी सरकार मिसाइल टेस्ट करती रहेगी। रिपोर्ट में साफतौर से कहा गया है, 'अपनी पॉलिसी में किसी भी प्रकार के बदलाव की उम्मीद ना करें।' नॉर्थ कोरिया ने इस साल कुल 16 मिसाइलों को टेस्ट किया है, जिसमें एक हाइड्रोजन बम भी शामिल है।

हम एक अपराजय ताकत...
नॉर्थ कोरिया ने कहा, 'एक अपराजय ताकत होने के नाते, ना तो हमें कोई कमजोर कर सकता है और ना ही खत्म। एक जिम्मेदार न्यूक्लियर संपन्न मुल्क होने के नाते नार्थ कोरिया दुनिया के सारे अड़चनों से लड़ता हुआ आजादी और न्याय के लिए एक एतिहास का मार्ग बनेगा'। 2017 में अपने मिसाइलों की उपलब्धि पर केसीएनए ने अपनी रिपोर्ट को टाइटल दिया 'स्वतंत्र और न्याय के ऊपर कोई भी ताकत जीत हासिल नहीं कर सकती।'

अमेरिका को चेतावनी
रिपोर्ट ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, 'जब तक अमेरिका और ताकतवर बलों के न्यूक्लियर खतरे जारी रहेंगे, तब तक नॉर्थ कोरिया अपनी आत्मरक्षा के लिए ताकतों को बढ़ाता रहेगा'। अमेरिका के छोर पर पहुंचाने वाली मिसाइल का दावा करने वाला नॉर्थ कोरिया अपनी मिसाइलों की तकनीक और क्षमताओं को लेकर बहुत उत्तेजित है। नॉर्थ कोरिया बहुत पहले ही कह चुका है कि अगर युद्ध हुआ तो वो अमेरिका से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

नॉर्थ कोरिया ने इस साल 16 मिसाइल की लॉन्च
दुनियाभर में आलोचनाओं और प्रतिबंधों के बाद भी नॉर्थ कोरिया ने 2017 में मिसाइल टेस्ट की झड़ी लगा दी। इस साल नॉर्थ कोरिया ने कुल 23 मिसाइलों को लॉन्च किया, जिसमें से 16 सफल रही। नॉर्थ कोरिया ने फरवरी में इंटरकोंटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की थी, इसके बाद लगभग हर माह मिसाइल टेस्ट का दौर जारी रहा। नॉर्थ कोरिया ने इस साल अपनी अंतिम मिसाइल 29 नवंबर को जापान सागर के ऊपर लॉन्च कर पुरी दुनिया को हैरान कर दिया। विशेषज्ञ मानते हैं कि कोरिया प्रायद्वीप में छिड़े जंग के बाद इस क्षेत्र में इतना तनाव देखने को कभी नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications