नॉर्थ कोरिया एक और परमाणु परीक्षण के लिए तैयार, अमेरिका पर निशाना लगाने वाली मिसाइल पर जारी है काम
साउथ कोरिया मिलिट्री की ओर से एक रिपोर्ट में दावा आने वाले कुछ दिनों के अंदर नॉर्थ कोरिया फिर से एक न्यूक्लियर टेस्ट कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक नार्थ कोरिया अंतराष्ट्रीय दबाव को नहीं मानता।
सियोल। अंतराष्ट्रीय दबाव को दरकिनार करते हुए आने वाले कुछ दिनों के अंदर नार्थ कोरिया फिर से एक नया न्युक्लियर टेस्ट कर सकता है। यह कहना है साउथ कोरिया की मिलिट्री का जिसने अपनी एक रिपोर्ट में यह दावा किया है। शुक्रवार को आई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि नॉर्थ कोरिया जो कि अंतराष्ट्रीय दबाव को नहीं मानता है, वह आने वाले कुछ दिनों में इस टेस्ट को अंजाम दे सकता है।

किसी भी पल हो सकता टेस्ट
अमेरिका और साउथ कोरिया मिलिट्री सर्विलांस करीब से नॉर्थ कोरिया की न्यूक्लियर टेस्ट साइट पुंगे-री पर नजर रख रहे हैं जो नार्थ कोरिया के ईस्ट कोस्ट में है। अधिकारी ने अपना नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी। रायटर्स की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अधिकारी ने यह बताने से साफ इनकार कर दिया कि नॉर्थ कोरिया ने हाल ही में टेस्ट को लेकर नए सिग्नल दिए हैं या नहीं। इस अधिकारी ने कहा, 'नॉर्थ कोरिया किसी भी पल न्यूक्लियर टेस्ट कर सकता है यह उसके नेता किम जोंग उन के फैसले पर निर्भर करेगा। हम इसकी न्यूक्लियर एक्टिविटीज पर करीब से नजर रख रहे हैं।' साउथ कोरिया इस बात से बखूबी वाकिफ है कि नॉर्थ कोरिया पिछले वर्ष सितंबर की ही तरह किसी भी पल न्यूक्लियर टेस्ट कर सकता है। नॉर्थ कोरिया ने अब तक पांच न्यूक्लियर टेस्ट किए हैं और एक के बाद एक कई मिसाइल लॉन्च की हैं। यह कदम उसने अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों की अवमानना करने के मकसद से किया था। माना जा रहा है कि विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी एक ऐसी न्यूक्लियर मिसाइल को डेवलप करने पर काम कर रहे हैं जो अमेरिका को निशाना बना सके।
इस माह के अंत में टेस्ट की संभावना
अमेरिकी न्यूज चैनल फॉक्स न्यूज की ओर से गुरुवार को कहा गया है कि नॉर्थ कोरिया एक और न्यूक्लियर टेस्ट को करने के अंतिम चरणों में है। अगले कुछ दिनों में इस टेस्ट को पूरा किया जा सकता है। इस न्यूज चैनल ने कुछ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह बात कही थी जो इंटेलीजेंस पर आधारित थी। फॉक्स न्यूज ने एक अधिकारी के हवाले से दावा किया था कि यह टेस्ट हो सकता है कि इस माह के अंत में पूरा हो जाए। वहीं वॉशिंगटन के एक थिंक टैंक 38 नॉर्थ ने कहा है कि फरवरी में सैटेलाइट से जो तस्वीरें मिली हैं उनमें नजर आता है कि न्यूक्लियर साइट पर कम तीव्रता वाली गतिविधियां हो रही हैं जिनसे इस बात की संभावना को बल मिलता है कि नॉर्थ कोरिया जल्द से जल्द एक और न्यूक्लियर टेस्ट कर सकता है। इस थिंक टैंक के मुताबिक हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि यह टेस्ट कब तक होगा।












Click it and Unblock the Notifications