उत्तर कोरिया के तानाशाह ने बहन को दी बड़ी जिम्मेदारी, देश को चलाने वाली टॉप बॉडी में जगह
सियोल, 30 सितम्बर। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की ताकतवर बहन किम यो जोंग को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जोंग को देश की सत्ता को चलाने वाली प्रमुख सरकारी निकाय में शामिल किया गया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी है।

तानाशाह किम जोंग उन की प्रमुख सलाहकार किम यो जोंग को सुप्रीम पीपल्स द्वारा अनुमोदन मिलने के बाद राज्य मामलों के आयोग में एक पद पर पदोन्नत किया गया है। हालांकि रबर स्टैम्प संसद की मुहर केवल औपचारिकता भर ही है क्योंकि उत्तर कोरिया में तानाशाह किम जोंग उन की ही चलती है और उनके फैसलों को कोई चुनौती नहीं दे सकता है।
आयोग के 9 सदस्यों की छुट्टी
नए परिवर्तन में आयोग के कम से कम 9 सदस्यों को हटा दिया गया है जिनमें इसके उपाध्यक्ष पाक पोंग जू और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ बातचीत में अहम भूमिका निभाने वाली वरिष्ठ महिला अधिकारी चो सोन हुई भी शामिल हैं।
सरकारी अखबार रोडोंग सिनमुन ने गुरुवार को आठ नई नियुक्तियों के चित्र प्रकाशित किए हैं। इसमें किम यो जोंग एकमात्र महिला के रूप में खड़ी नजर आ रही हैं।
किम जोंग की सबसे विश्वस्त
किम यो जोंग को उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन की बहन होने के साथ ही उनकी सबसे करीबियों में भी शामिल हैं। वह उनके साथ स्विटजरलैंड में स्कूल भी गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दक्षिण कोरिया के नेता मून जे इन के साथ हुई शिखर बैठक में भी वह शामिल हुई थीं।
उत्तर कोरिया में उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर लंबे समय से अटकलें लगती रही हैं। एक संभावना यह भी जताई जाती है कि एक दिन वह अपने भाई की उत्तराधिकारी बन सकती है और उत्तर कोरिया की साम्यवादी सरकार की पहली महिला नेता बन सकती हैं।
अभी तक के उनकी राजनीतिक स्थिति में उतार-चढ़ाव देखा गया है लेकिन वर्तमान में की गई नियुक्ति निश्चित रूप से उनके जीवन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications