Nicolas Maduro Love Story: जेल से शुरू हुई थी पूर्व राष्ट्रपति की प्रेम कहानी, पत्नी के भतीजे ही बने विलेन!
Nicolas Maduro Love Story: वेनेजुएला पर अमेरिका के हमले के बाद इस लातिन अमेरिकी देश में हालात तनावपूर्ण हैं। देश के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाने के दावे किए जा रहे हैं। दोनों के ऊपर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भ्रष्टाचार से लेकर ड्रग्स रैकेट को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। इस कपल की प्रेम कहानी काफी दिलचस्प है।
इनकी लव स्टोरी की शुरुआत जेल से हुई थी। यह कहानी 1990 के दशक में शुरू होती है, जब वेनेजुएला की राजनीति एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही थी। निकोलस मादुरो और सिलिया फ्लोर्स की पहली मुलाकात एक जेल में हुई थी।

Nicolas Maduro Love Story: ह्यूजो शावेज से जेल में मिलने जाते थे दोनों
1990 के दशक में निकोलस मादुरो वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति ह्यूजो शावेज के समर्थक थे। वह शावेज और पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय थे। शावेज उन दिनों जेल में बंद थे और मादुरो उनसे मिलने आते थे। सिलिया भी उन दिनों कानूनी काम के सिलसिले में जेल आती थीं। सिलिया शावेज की कानूनी टीम में शामिल थीं।
संघर्ष के दिनों में हुई दोस्ती फिर प्यार में बदल गई
इस राजनीतिक संघर्ष और आंदोलन के दौरान मादुरो और सिलिया एक-दूसरे के करीब आए। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और विचारधारा के साथ दिल भी मिल गए। दोनों लगभग एक दशक से ज्यादा समय तक लिव इन में रहे थे। कपल ने 2013 में आधिकारिक रूप से शादी की। यह वही समय था जब ह्यूगो शावेज का निधन हुआ और निकोलस मादुरो वेनेजुएला के राष्ट्रपति बने। शादी के बाद सिलिया फ्लोर्स न केवल देश की फर्स्ट लेडी बनीं, बल्कि सत्ता के केंद्र में भी उनकी भूमिका मजबूत होती चली गई।
Nicolas Maduro Wife: पत्नी की वजह से विवादों में रहे मादुरो
सिलिया फ्लोर्स का राजनीतिक दखल वेनेजुएला सरकार और मादुरो पर बढ़ता गया। उनके ऊपर देश की प्रमुख विपक्षी दलों और नेताओं ने परिवार के सदस्यों को सरकारी पदों पर बैठाने और फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था। इसी वजह से उन्हें आलोचक "फर्स्ट कॉम्बैटेंट" (First Combatant) कहने लगे। विपक्षी दलों का आरोप है कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया। पत्नी के परिवार के सदस्यों की वजह से मादुरो को काफी आलोचना झेलनी पड़ी और अंत में सत्ता से भी बेदखल होना पड़ा।
'नार्को-नेफ्यूज' कांड में फंसे थे सिलिया के भतीजे
2015 में मादुरो दंपती की छवि को सबसे बड़ा झटका लगा था। सिलिया फ्लोर्स के दो भतीजों को अमेरिका में कोकीन तस्करी की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस 'Narco-Nephews' कांड ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मादुरो परिवार को बदनाम किया। इस घटना से वेनेजुएला की राजनीति में भूचाल आ गया और मादुरो के ऊपर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप भी लगे।
मादुरो दंपती पर अमेरिका ने लगाया है प्रतिबंध
भ्रष्टाचार और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों के चलते अमेरिका ने सिलिया फ्लोर्स पर व्यक्तिगत प्रतिबंध भी लगाए हैं। इसके बाद से यह जोड़ी न सिर्फ देश के भीतर, बल्कि वैश्विक राजनीति में भी विवादों का केंद्र बनी रही। निकोलस मादुरो और सिलिया फ्लोर्स की कहानी प्यार, सत्ता और विवादों का एक कॉकटेल है। इसने वेनेजुएला की राजनीति को गहराई से प्रभावित किया।












Click it and Unblock the Notifications