New Zealand: महिला सांसद पर दुकान से कपड़े चुराने का आरोप, इस्तीफा देने के बाद बताया क्यों की चोरी?
न्यूजीलैंड की एक सांसद गोलरिज घरमन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनपर बुटीक में चोरी करने का आरोप लगा है। पकड़े जाने के बाद ऐसा बहाना बनाया जो आपने पहले कभी भी नहीं सुना होगा।
न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक गोलरिज घरमन पर कपड़े के बुटीक में चोरी करने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने ऑकलैंड लक्जरी क्लोथिंग स्टोर और वेलिंगटन हाई-एंड क्लोथ्स से कपड़ों की चोरी की। ये चोरियां दिसंबर 2023 के अंत में हुईं।

फिलहाल सांसद पर लगे आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है। गोलरिज घरमन ने इस इस्तीफे को लेकर कहा कि उन्होंने आरोपों की वजह से इस्तीफा नहीं दिया है।
सांसद ने कहा कि वह मानसिक तौर पर स्वस्थ नहीं हैं, उन्हें मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए समय चाहिए और इसीलिए उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया है। सांसद ने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप गंभीर हैं, इसका उन्हें बहुत दुख है और इसके चलते वो तनाव से गुजर रही हैं।

आरोपी महिला सांसद ने ये भी कहा वह काम से जुड़े तनाव के कारण ऐसे काम करने लगीं, जो कि पूरी तरह उनके चरित्र के उलट है। घरमन ने कहा कि अगर उन्होंने ऐसी हरकतें की हैं, तो उन्हें नहीं पता ये सब कैसे हो गया।
सांसद घरमन ने कहा, मैं अपने दायित्वों से दूर होने का बहाना नहीं बना रही हूं, बस मैं उन्हें समझाना चाहती हूं। मुझे इसकी आदत है और मैं मजबूर हूं। मैंने बहुत से लोगों को निराश किया है और मुझे इसका बहुत खेद है।

गोलरिज घरमन सेंटर-लेफ्ट ग्रीन पार्टी से संबंध रखती हैं। वे पार्टी की न्यायिक प्रवक्ता हैं। रिपोर्ट के मुताबिक न्यूजीलैंड सांसद पर तीन आरोप लगे हैं। चोरी के दो आरोप ऑकलैंड की लक्जरी कपड़ों की एक दुकान के हैं जबकि एक आरोप वेलिंगटन की कपड़े की खुदरा दुकान का है। ये सभी मामले पिछले साल के हैं।

42 साल की गोलरिज घरमन मूल रूप से ईरान की रहने वाली हैं। उनका जन्म ईरान में हुआ। गोलरिज घरमन जब छोटी थीं तभी उनका परिवार न्यूजीलैंड आ गया था। शुरुआत में उनके परिवार को शरणार्थी के रूप में जीवन गुजारना पड़ा लेकिन बाद में नागरिकता बहाल हो गई।

गोलरिज घरमन ने कानून की पढ़ाई की है। वह संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार वकील बनी। उन्होंने सबसे पहले साल 2017 में संसद में प्रवेश किया। उससे पहले अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायाधिकरणों पर काम किया था।
पार्टी के नेताओं ने दिया साथ
गोलरिज घरमन की पार्टी के नेता जेम्स शॉ ने कहा है सांसद पर लगातार दबाव था. उनका मानना है कि संसद में छह साल के दौरान उनको अक्सर कई बार दवाब और तनाव से गुजरना पड़ा है। जेम्स शॉ ने ये भी कहा कि गोलरिज जब से निर्वाचित हुईं उसी दिन से उन्हे कई धमकियों का सामना करना पड़ा है। पार्टी के अन्य नेताओं ने ये भी कहा कि हम गोलरिज के फैसले के साथ हैं। उन्होंने सही समय पर सही निर्णय लिया है।












Click it and Unblock the Notifications