कोरोना वैक्सीन की 10 खुराक लेने के बाद क्या होगा इंसान का हाल? न्यूजीलैंड के एक शख्स की ये हुई हालत
कोरोना वैक्सीन को लेकर अभी तक एक भी रिसर्च ऐसा नहीं किया गया है, जिसमें देखा जाए कि, वैक्सीन के ओवरडोज से किसी इंसान पर क्या फर्क पड़ेगा। लेकिन, डॉक्टरों ने इसे खतरनाक कहा है।
ऑकलैंड, दिसंबर 12: क्या आपने सोचा है, कि अगर कोई शख्स वैक्सीन की 10 खुराक ले ले, वो भी 24 घंटे के अंदर, तो उसका क्या हाल होगा। आम तौर पर लोगों को कोरोना वैक्सीन की दो खुराक दी जा रही है और कई देशों में बूस्टर डोज दिया जा रहा है, लेकिन वो भी निश्चित समय अंतराल पर, लेकिन न्यूजीलैंड के एक शख्स ने महज 24 घंटे के अंदर कोरोना वैक्सीन की 10 खुराक ले ली है। (सभी तस्वीर फाइल)
Recommended Video

वैक्सीन का ओवरडोज
न्यूजीलैंड के समाचार वेबसाइट स्टफ की रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति ने कोरोना वायरस का एक दो नहीं, बल्कि 10 टीका महज 24 घंटे के अंदर ले लिया। जिसके बाद उस शख्स को सभी लोगों ने 'अविश्वसनीय स्वार्थी' करार दिया है। हालांकि, समाचार वेबसाइट ने वैक्सीन की 10 खुराक लेने वाले शख्स के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, शख्स ने वैक्सीन की अलग अलग खुराक लेने के लिए कई टीकाकरण केन्द्रों का दौरा किया था और फर्जी तरीके से 10 टीके लगवा लिए।

स्वास्थ्य मंत्रालय चिंतित
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी शख्स ने वैक्सीन लेने के लिए हर बार भुगतान किया था और अलग अलग स्वास्थ्य केन्द्रों पर फर्जी तरीके से कोरोना वैक्सीन के 10 डोज ले लिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद न्यूजीलैंड स्वास्थ्य मंत्रालय ने घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है और सख्त जांच के आदेश दिए हैं। कोविड-19 वैक्सीन और टीकाकरण कार्यक्रम के डायरेक्टर एस्ट्रिड कोर्ननीफ ने स्टफ को बताया कि, न्यूजीलैंड स्वास्थ्य मंत्रालय इस तरह के मामलों को लेकर चिंतित है और जांच के लिए उपयुक्त एजेंसी को कहा गया है।

जोखिम में जान
न्यूजीलैंड हेराल्ड ने स्वास्थ्य अधिकारी कोर्ननीफ का हवाला देते हुए कहा कि, "किसी अन्य व्यक्ति की पहचान मान लेना और चिकित्सा उपचार प्राप्त करना खतरनाक है।" उन्होंने कहा कि, "यह उस व्यक्ति की जान को जोखिम में डालता है जो एक अनुमानित पहचान के तहत टीकाकरण प्राप्त करता है और जिस व्यक्ति का स्वास्थ्य रिकॉर्ड दिखाएगा कि उन्हें टीकाकरण नहीं किया गया है।" हालांकि, न्यूजीलैंड स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि ये घटना कहां हुईं, लेकिन आरोपी शख्स को फौरन डॉक्टर से मिलने के लिए कहा गया है।

मुर्खतापूर्ण और खतरनाक हरकत
ऑकलैंड विश्वविद्यालय के वैक्सीनोलॉजिस्ट हेलेन पेटौसिस-हैरिस ने स्टफ को बताया कि, अभी तक जो भी रिसर्च किए गये हैं, उनमें ये नहीं देखा गया है कि, अगर किसी को वैक्सीन की 10 खुराक दी जाए, तो उसका क्या हाल होगा, लिहाजा आरोपी के स्वास्थ्य पर नजर रखना होगा। अभी अनुमान लगाना नामुमिकन है, कि टीके की 10 खुराक लेने के बाद उसका क्या हाल होगा। वहीं, पेटौसिस-हैरिस ने कहा कि, आरोपी को एक या दो दिन के लिए खुरदरापन महसूस होने की संभावना थी क्योंकि उसका शरीर कई टीकों के लिए एक एंटीबॉडी रिस्पॉंस को माउंट करता है। उन्होंने कहा कि, वो शख्स ''अविश्वसनीय रूप से स्वार्थी है।" वहीं, मालाघन इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर और इम्यूनोलॉजिस्ट प्रोफेसर ग्राहम ले ग्रोस ने कहा कि ये घटना "मूर्खतापूर्ण और खतरनाक" है।

मरने की संभावना नहीं
इम्यूनोलॉजिस्ट प्रोफेसर ग्राहम ले ग्रोस ने कहा कि, आदमी के वैक्सीन की 10 खुराक लेने के बाद उसकी मौत हो जाए, इस बात की संभावना काफी ज्यादा कम है। लेकिन इतनी खुराक होने का मतलब यह हो सकता है कि टीका भी काम नहीं करता है। ले ग्रोस ने कहा कि, जो लोग खुद का वैक्सीन किसी और को फर्जी तरीके से दे रहे हैं, वो अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। क्योंकि, अगर वो वायरस से संक्रमित होते हैं, तो फिर उनकी जिंदगी खतरे में होगी।

कैसे हुई भारी लापरवाही?
आपको बता दें कि, न्यूजीलैंड में लोगों को कोरोना वायरस का टीका लगवाते समय पहचान पत्र दिखाने की आवश्यकता नहीं है। अक्टूबर में संक्रमण बढ़ने के बाद देश ने अपनी शून्य-सीओवीआईडी रणनीति को छोड़ दिया है। कोरोना वायरस के प्रसार को कुशलता से रोकने के लिए अतीत में न्यूजीलैंड सरकार की काफी तारीफ की गई है और देश मे अप्रैल महीने से ही विदेशी लोगों के लिए दरवाजा खोल दिया गया था। हालांकि, न्यूजीलैंड जाने के लिए वैक्सीन लगावाना अनिवार्य है। वहीं, देश में काम करने वाले सभी लोगों को वैक्सीन की खुराक लेना अनिवार्य है, खासकर सेल्स और ट्रैवल करने वाले लोगों के लिए कोरोना का टीका लगवाना अनिवार्य है। आपको बता दें कि, न्यूजीलैंड की आबादी महज 50 लाख है और अब तक देश में सिर्फ 12 हजार 500 कोरोना के मरीज सामने आए हैं, जिनमें से 46 लोगों की मौत हुई है। न्यूजीलैं की लगभग 89% आबादी को पूरी तरह से वैक्सीनेट किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications