बिना ऑर्डर महिला के पास पहुंचे Amazon के सैकड़ों पैकेट, अंदर का सामान देख रह गई दंग, अब उठाया ये कदम
वाशिंगटन, 25 जून: पश्चिमी न्यूयॉर्क में एक महिला इन दिनों ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी अमेजन से परेशान है, क्योंकि उसके घर के बाहर सैकड़ों पार्सल डिलीवर कर दिए गए। खास बात तो ये है कि उसमें से एक का भी ऑर्डर महिला ने नहीं किया था। घटना के बाद महिला ने उन्हें वापस करने की कोशिश भी की, लेकिन कंपनी ने उसे वापस लेने से इनकार कर दिया। जिस वजह से उसे इस मामले में कोई घोटाला नजर आ रहा है।

बिजनेस पार्टनर ने भी नहीं ऑर्डर किए
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक जिलियन कन्नन नाम की महिला को 5 जून को कुछ पार्सल अमेजन से मिले। जिसमें कई सारी चीजें भरी हुई थीं। इस पर महिला को लगा कि उनके बिजनेस पार्टनर ने ये ऑर्डर किए हैं, लेकिन बाद में उनसे भी इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने अमेजन के कस्टमर केयर पर बात करके पूरी जानकारी दी। इस पर कंपनी ने उसे वापस लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि ये सब उनके एड्रेस पर ऑर्डर हुआ है, ऐसे में वो उसे नहीं ले सकते हैं।

दरवाजा पार्सल से ढका
इस पर जिलियन को इस पूरे मामले में किसी घोटाले का शक हुआ। उनको लगा कि कोई अपना गोदाम खाली करने के लिए ये सब कर रहा है। जिस पर उन्होंने तुरंत सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी एक पोस्ट लिखी। जिलियन के मुताबिक घोटाले का शक गलत था, क्योंकि अंदर कोई खास सामान नहीं था। साथ ही बार कोड स्कैन करने पर वो सब सही निकले। दो-तीन दिनों में हालात ऐसे हो गए थे कि उनके घर का दरवाजा ठीक से नहीं दिखता था, क्योंकि उसके आगे इतने पैकेज पड़े रहते थे।

अंदर ये सामान
महिला के मुताबिक पार्शल के अंदर हजारों सिलिकॉन सपोर्ट फ्रेम मिले थे, जो वयस्कों और बच्चों दोनों के आकार में फेस मास्क के अंदर इस्तेमाल किए जाते हैं। वैस वो बहुत सारे थे, लेकिन उनके लिए किसी काम के नहीं थे, जिस वजह से उन्होंने उसे एक अस्पताल को डोनेट कर दिया। ताकी कोरोना महामारी से लड़ाई के खिलाफ उसका इस्तेमाल हो सके। हालांकि बहुत से लोग उनके दावे को झूठा बता रहे हैं। साथ ही उनका कहना है कि जिलियन ने पब्लिसिटी के लिए ऐसा किया है।












Click it and Unblock the Notifications