जुलाई 2023 के लिए NASA की बड़ी चेतावनी, सैकड़ों वर्षों बाद टूट सकता है गर्मी का सारा रिकॉर्ड
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वैज्ञानिक ने गुरुवार को जुलाई 2023 के लिए बहुत बड़ी भविष्यवाणी की है। इसके मुताबिक यह महीना संभवत: धरती का अबतक सबसे गर्म महीना साबित हो सकता है।
सैकड़ों वर्षों में दुनिया का सबसे गर्म महीना हो सकता है-नासा वैज्ञानिक
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक नासा के जलवायु वैज्ञानिक गेविन श्मिट ने कहा है कि यह जुलाई महीना 'हजारों वर्षों में नहीं तो सैकड़ों वर्षों में' दुनिया का सबसे गर्म महीना साबित हो सकता है। यूरोपियन यूनियन और मेन यूनिवर्सिटी ने कुछ वैज्ञानिक साधनों का इस्तेमाल करके जो संकेत दिए हैं, उसके अनुसार इस महीने में पहले से ही रोजाना तापमान के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं।

रोजाना टूटते जा रहे हैं तापमान के रिकॉर्ड
नासा वैज्ञानिक श्मिट ने कहा है कि अमेरिका, यूरोप और चीन में इस महीने पहले से ही रोजाना तापमान के रिकॉर्ड सारे टूटते जा रहे हैं और यह सारे देश भयानक लू की चेपट में आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि 'हम विश्व भर में अप्रत्याशित बदलाव देख रहे हैं - अमेरिका, यूरोप और चीन में गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।'
तापमान में यह इजाफा सीधे अल नीनो से संबंधित नहीं-नासा वैज्ञानिक
उन्होंने यह भी कहा है कि इस अप्रत्याशित घटना को सीधे अल-नीनो के मौसमी पैटर्न से नहीं जोड़ा जा सकता, जो कि 'अभी सिर्फ पैदा ही हुआ है...।' वो बोले कि वैसे अल नीनो की बहुत छोटी भूमिका है, 'हम जो देख रहे हैं वह चौतरफा तापमान बढ़ना है, जो लगभग हर जगह हो रहा है, खासकर महासागरों में। हम पिछले कई महीनों से, उष्णकटिबंधीय क्षेत्र के बाहरी क्षेत्र में भी, समुद्री सतह के रिकॉर्ड तोड़ तापमान को देख रहे हैं।'
ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन का महत्वपूर्ण रोल-वैज्ञानिक
इसलिए तापमान में हो रही बढ़ोतरी को अकेले अल नीनो पैटर्न के साथ नहीं जोड़ा जा सकता है। इसमें ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन का महत्वपूर्ण रोल है। उनके मुताबिक, 'और हमारा अनुमान है कि यह ट्रेंड जारी रहेगा,क्योंकि हम वातावरण में लगातार ग्रीन हाउस गैस छोड़ते जा रहे हैं।'
साल 2023 के सबसे गर्म साल होने की वैज्ञानिकों ने जताई है संभावना
मौजूदा परिस्थितियों में साल 2023 को ऑन रिकॉर्ड सबसे गर्म वर्ष होने की संभावना बढ़ गई है और कुछ वैज्ञानिक तो इसके लिए 80 प्रतिशत की संभावना जता चुके हैं। लेकिन, श्मिट ने अपनी गणना के आधार पर फिलहाल इसका '50-50' चांस बताया है।
साल 2024 साल 2023 से भी ज्यादा गर्म हो सकता है- नासा वैज्ञानिक
उन्होंने बताया है कि 'लेकिन, हमारा अनुमान है कि 2024 इससे भी ज्यादा गर्म साल होगा, क्योंकि हम अभी अल नीनो की घटना के साथ शुरू हो रहे हैं, जिसके कि साल के अंत तक चरम पर पहुंच जाने की संभावना है।' इसकी वजह से जहां एक तरफ 2023 के रिकॉर्ड के मुताबिक सबसे गर्म साल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है, वहीं यह भी संभावना जताई जा रही है कि अल नीनो के चलते 2024 उसका भी रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
नासा के जलवायु वैज्ञानिक की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब दुनिया का बड़ा हिस्सा भयानक गर्मी की चपेट में है, तापमान के रिकॉर्ड टुटते जा रहे हैं, सेहत को लेकर गंभीर चेतावनियां जारी की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications