भारत और दुबई के बीच रद्द हुईं 30 से ज्यादा उड़ानें, UAE में भारी बारिश ने मचाई तबाही
दुबई में पिछले कई दशकों की रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद पूरे शहर में पानी भर गया है। इसने हवाई सेवाओं पर भी असर डाला है। एयर इंडिया ने मौसम खराब होने के कारण अपनी सारी उड़ानें रद्द कर ली हैं।
एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि दुबई में भारी बारिश और बाढ़ के कारण कल दिल्ली हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 30 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस बीच एयर इंडिया का भी बयान आया है।

एयरइंडिया ने बताया है कि मौसम बिगड़ने के कारण उसे 16 और 17 अप्रैल को दुबई से अपनी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं हैं। प्रभावित यात्रियों को अगले कुछ दिनों में सेवाएं बहाल होने पर फ्लाइट्स में जगह दी जाएगी।
एअर इंडिया देश के विभिन्न शहरों से दुबई के लिए हफ्तेभर में 72 उड़ानों का परिचालन करती है। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट से दुबई जाने वाली 10 उड़ानें और आने वाली 9 उड़ानें रद्द हुईं।
एयर इंडिया के मुताबिक जिन यात्रियों के पास इन दोनों दिनों के वैलिड टिकट हैं, उन्हें वन-टाइम डेट चेंज छूट की पेशकश भी गई है। इससे उन्हें भविष्य की तारीखों पर फ्लाइट रीशेड्यूल करने में मदद मिलेगी।
दुनिया के व्यस्ततम हवाई अड्डों में से एक दुबई एयरपोर्ट ने बुधवार को यात्रियों को 'जबतक बेहद जरूरी न हो' वहां न जाने की सलाह दी है। आपको बता दें कि 15 अप्रैल की रात को UAE, सऊदी अरब, बहरीन और ओमान में भारी बारिश देखने को मिली थी।
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे पिछले 75 साल की सबसे भारी वर्षा बताया है। दुबई सरकार ने कहा कि उसने अपने सभी कर्मचारियों के लिए रिमोट वर्किंग को बुधवार तक बढ़ा दिया है और निजी क्षेत्र के संस्थानों से भी ऐसा करने का आग्रह किया है।












Click it and Unblock the Notifications