Microsoft Outage: बंद हुए कंप्यूटर लैपटॉप! इंडिगो, अकासा, स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस पर उड़ानें प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस में रुकावट आने से दुनिया के कई देशों में फ्लाइट्स प्रभावित हुईं है। भारत में भी इसका असर देखा गया। दिल्ली और मुंबई से कई एयरलाइंस के विमानों का संचालन बाधित हुआ है। ऐसे में एयरलाइंस के अलावा एयरपोर्ट की ओर सी जारी किए गए बयान में स्थिति स्पष्ट की गई।
दुनिया भर के देशों में शुक्रवार को अचानक माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस का असर देखा गया। इस बीच एयरलाइंस ने बयान जारी कर टिकट बुकिंग, , चेक-इन और बुकिंग सेवाओं के प्रबंधन में व्यवधान की वजह बताई है। अकासा एयरलाइंस ने घोषणा की है कि उसकी कुछ ऑनलाइन सेवाएं मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डों पर अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। वहीं स्पाइसजेट ने कहा कि फ्लाइट्स अपडेट देने में तकनीकी समस्या आ रही है।

दुनियाभर की एयरलाइंस की सेवाएं माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस में शुक्रवार को अचानक प्रभावित हुईं। इस आउटेज से कई एयरलाइंस प्रभावित हुईं, विमान खड़े हो गए और दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बाधित हुआ। ऐसे में एक्स पर एक पोस्ट में दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा, "वैश्विक आईटी मुद्दे के कारण, दिल्ली हवाई अड्डे पर कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुईं। हम अपने यात्रियों को असुविधा कम करने के लिए अपने सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे फ्लाइट्स के बाद में अपडेट जानकारी के लिए एयरलाइन के संपर्क में रहें।"
अकासा एयरलाइंस ने कहा, "हमारे सेवा प्रदाता के साथ बुनियादी ढांचे के मुद्दों के कारण, हमारी कुछ ऑनलाइन सेवाएं अस्थाई रूप से अनुपलब्ध रहेंगी, जिनमें बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग सेवाओं का प्रबंधन शामिल हैं।"
अकासा ने आगे कहा, "वर्तमान में हम हवाई अड्डों पर मैन्युअल चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं और इसलिए तत्काल यात्रा योजना वाले यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे हमारे काउंटरों पर चेक-इन करने के लिए हवाई अड्डे पर जल्दी पहुंचें। हमें हुई असुविधा के लिए गंभीरता से खेद है और हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि हमारी टीमें इसे जल्द से जल्द हल करने के लिए हमारे सेवा प्रदाता के साथ काम कर रही हैं।"
वहीं स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा, "हम वर्तमान में उड़ान व्यवधानों पर अपडेट प्रदान करने में एक तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं। हमारी टीम इस मुद्दे को सुलझाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। हमें हुई किसी भी असुविधा के लिए खेद है और समस्या का समाधान हो जाने पर हम आपको सूचित करेंगे।"
क्या हो रही समस्या?
माइक्रोसॉफ्ट की ओर जारी एक बयान में कहा गया है कि दिक्कत की वजह से Microsoft 365 सर्विसेस पर असर पड़ा है. माइक्रोसॉफ्ट के साथ काम करने वाली CrowdStrike ने इस दिक्कत को माना है. CrowdStrike एक साइबर सिक्योरिटी फर्म है। फर्म के इंजीनियर्स ने उन कंटेंट को खोज लिया है, जिसकी वजह से दिक्कत हुई है और किए गए बदलाव को पहले की तरह कर दिया है।
माइक्रोसॉफ्ट के सर्विस हेल्थ स्टेटस अपडेट के मुताबिक, इस दिक्कत की शुरुआती वजह Azure बैकेंड वर्कलोड के कॉन्फिग्रेशन में किया गया एक बदलाव है, जिसकी वजह से स्टोरेज और कंप्यूटर रिसोर्सेस के बीच बाधा आ रही है और इसकी वजह से कनेक्टिविटी फेलियर की समस्या हुई है।












Click it and Unblock the Notifications