मिशेल ओबामा बनीं अमेरिका की सबसे पसंदीदा महिला, 17 वर्षों बाद हिलेरी क्लिंटन ने खोया मुकाम
वॉशिंगटन। अमेरिका पूर्व प्रथम महिला और पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा अब अमेरिका की सबसे लोकप्रिय महिला हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक और पूर्व फर्स्ट लेडी हिलेरी क्लिंटन से यह मुकाम छीन लिया है। हिलेरी पिछले 17 वर्षों से ऐसी महिला बनी हुई थीं जिन्हें अमेरिकियों ने सबसे ज्यादा पसंद किया था। लेकिन अब लगता है कि हिलेरी के लिए लोगों में क्रेज खत्म होता जा रहा है और मिशेल की दिवानगी बढ़ती जा रही है। गैलप पोल के नतीजों में इस बात की पुष्टि हुई है जिसके नतीजे गुरुवार को जारी किए गए हैं।
11 वर्षों से बराक ओबामा नंबर वन
वहीं बराक ओबामा लगातार 11वें वर्ष सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले व्यक्ति बने हुए हैं। राष्ट्रपति पद से जाने के दो वर्ष बाद भी उनके लिए लोगों का प्यार कम नहीं हो रहा है। वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लगातार चौथे वर्ष सर्वे में लोकप्रियता के मामले में दूसरा स्थान हासिल हुआ है। गैलप सन् 1946 से हर वर्ष यह पोल कराता आ रहा है और सिर्फ साल 1976 में ही पोल नहीं हो पाया था। सर्वे में शामिल 1,025 अमेरिकी नागरिकों में से 15 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे मिशेल को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। मिशेल इस समय अपनी पहली किताब 'बीकमिंग' के प्रमोशनल टूर में बिजी हैं।
हिलेरी को मिले चार प्रतिशत वोट
टॉक शो क्वीन ओफ्रा विन्फ्रे को पांच प्रतिशत वोट मिले और वह लोकप्रियता के पायदान पर दूसरे नंबर पर रहीं। वहीं हिलेरी क्लिंटन और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को चार-चार प्रतिशत वोट हासिल हुए। हिलेरी, साल 2016 में हुए अमेरिकी चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार थीं। वह अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री भी रह चुकी हैं। हिलेरी 22 बार इस लिस्ट में टॉप कर चुकी हैं जिसमें वह पिछले 17 वर्षों से नंबर वन बनी हुई थीं। वहीं 19 प्रतिशत लोगों ने कहा कि बराक ओबामा ऐसे पुरुष हैं जिन्हें वे सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। ट्रंप को 13 प्रतिशत तो पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्लूय बुश और पोप फ्रांसिस को दो प्रतिशत वोट ही मिल सके। गैलप का कहना है कि सर्वे को तीन से 12 दिसंबर के बीच कराया गया था।